
Dehli Election Result: दिल्ली के 70 सीटों के लिए मतगणना जारी है। रूझानों में BJP को बढ़त दिखाई दे रही है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना, मनीष सिसोदिया जैसे आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेता अपने सीट से पीछे चल रहे हैं। बता दें कि दिल्ली में 5 फरवरी को 70 सीटों पर एक चरण में 60.54 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसके बाद 14 एग्जिट पोल आए, जिसमें से 12 में भाजपा और 2 में केजरीवाल की सरकार बनने का अनुमान जताया गया। आज दोपहर 12 बजे तक दिल्ली में स्थिति साफ हो जाएगी।
यह भी पढ़ें:- Dehli Election Result: 70 सीटों के लिए मतगणना जारी, रूझानों में BJP को बढ़त
दिल्ली के करोल बाग विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दुष्यंत कुमार गौतम ने झंडेवालान मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो डबल इंजन की सरकार पूरे देश में चल रही है उसी को देखते हुए दिल्ली ने भी मन बनाया है कि दिल्ली में भी डबल इंजन की सरकार चले। यहां भ्रष्टाचार झूठ की राजनीति चल रही थी। आज दिल्ली को उससे छुटकारा मिल जाएगा। ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार शिखा राय ने चुनाव परिणाम के दिन कालकाजी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि मां कालका के दरबार में आशीर्वाद लेने आई हूं। हर शुभ कार्य आशीर्वाद से शुरू करती हूं। जनता के स्नेह और उत्साह देखते हुए मैं जीत के प्रति आश्वस्त हूं। (Dehli Election Result)
दिल्ली में 50 से ज्यादा सीटें जीतने जा रहे: खुराना
मोती नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हरीश खुराना ने कहा कि लोगों का प्यार और लोगों की प्रतिक्रिया से साफ पता चलता है कि भाजपा का परचम सिर्फ मोती नगर में ही नहीं, बल्कि पूरी दिल्ली में लहराने वाला है। हमें पूरा विश्वास है कि भाजपा दिल्ली में 50 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा ने कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने मां के दर्शन किए हैं, मेरा एक ही लक्ष्य और एक ही उद्देश्य है, वह है सेवा… पार्टी ने खूब मेहनत की है, हमने मेहनत की है, हमने जनता के लिए चुनाव लड़ा है, अब दिल्ली जो भी फैसला करेगी, वह हमें स्वीकार होगा। (Dehli Election Result)
भारी बहुमत से जीत मिलेगी: VD शर्मा
नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि जो भी जीते वो दिल्ली की सेवा करे। सभी को शुभकामनाएं। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि भाजपा की पूर्ण बहुमत आएगी। जिस तरह से प्रधानमंत्री के गारंटी पर पूरे देश को विश्वास है उसी तरह से दिल्ली में भी हमारी सरकार बनना तय है। मध्यप्रदेश के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 26 साल बाद इतिहास बनने जा रहा है। भारी बहुमत से जीत मिलेगी। लोगों को PM मोदी पर बहुत भरोसा है। दिल्ली की तबाही लेकर केजरीवाल दिल्ली में आए। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम दिल्ली का विकास सुनिश्चित करना चाहते हैं। (Dehli Election Result)