दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर छत गिरने से एक की मौत, 8 घायल, विपक्ष ने मोदी सरकार को ठहराया जिम्मेदार

Delhi Airport Terminal Accident: दिल्ली और आसपास के इलाके में भारी बारिश के कारण एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर छत गिर गई, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई। जबकि 8 लोग घायल हो गए हैं, जिनका इलाज मेदांता अस्पताल में जारी है। मृतक की पहचान रमेश (45) के रूप में हुई है, जो रोहिणी में रहते थे और कैब चलाते थे। वहीं इस घटना को लेकर विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरा है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा- दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ हादसा दुखद है। इसमें कई लोगों के घायल होने और मृत्यु की सूचना है। कांग्रेस परिवार की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। खबर है कि इस टर्मिनल का उद्घाटन नरेंद्र मोदी ने सिर्फ चार महीने पहले किया था। चुनाव की वजह से जल्दबाजी में इस आधे-अधूरे टर्मिनल का उद्घाटन किया गया। आज ये हादसा हो गया। सवाल है- हादसे से हुई मौत की जिम्मेदारी किसकी है?
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथ दबोचा, 4,000 में तय हुआ सौदा, ACB टीम ने की कार्रवाई
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल मार्च में दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का उद्घाटन किया था, जिसकी छत गिर गई। खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार के पिछले 10 सालों में घटिया बुनियादी ढांचे के ताश के पत्तों की तरह ढहने के लिए भ्रष्टाचार और आपराधिक लापरवाही जिम्मेदार है। दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत गिरी, जबलपुर हवाई अड्डे की छत गिरी, अयोध्या की नई सड़कों की हालत खस्ता, राम मंदिर लीकेज, मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक रोड में दरारें, 2023 और 2024 में बिहार में 13 नए पुल टूट गए, प्रगति मैदान सुरंग का जलमग्न होना, गुजरात में मोरबी पुल ढहने की त्रासदी…ये कुछ स्पष्ट उदाहरण हैं, जो मोदी और भाजपा के ‘विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे’ के निर्माण के बड़े-बड़े दावों को उजागर करते हैं। (Delhi Airport Terminal Accident)


उन्होंने कहा कि 10 मार्च को जब मोदी जी ने दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का उद्घाटन किया तो उन्होंने खुद को ‘दूसरी मिट्टी का इंसान’ कहा। यह सारी झूठी वाहवाही और बयानबाजी सिर्फ चुनाव से पहले रिबन काटने के समारोहों में शामिल होने के लिए आरक्षित थी। दिल्ली हवाई अड्डे की त्रासदी के पीड़ितों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना। उन्होंने एक भ्रष्ट, अयोग्य और स्वार्थी सरकार का खामियाजा भुगता। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि मार्च में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 का उद्घाटन किया था, आज उसकी छत ढह गई, जिसमें एक कैब ड्राइवर की दुखद मौत हो गई। (Delhi Airport Terminal Accident)

प्रियंका गांधी ने कहा कि तीन महीने पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जिस जबलपुर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था, उसकी भी छत ढह गई। अयोध्या में निर्माण कार्यों के खस्ताहाल पर पूरा देश दुखी है। यह भाजपा का ‘चंदा लो और धंधा दो’ का भ्रष्टाचारी मॉडल है, जिससे अब पर्दा उठ चुका है। सवाल यह है कि प्रधान उद्धघाटन मंत्री जी क्या इन घटिया निर्माण कार्यों और इस भ्रष्टाचारी मॉडल की जिम्मेदारी लेंगे? सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि अफसोस की बात है। ये नया निर्माण हुआ था। दुर्भाग्यपूर्ण है, जांच होनी चाहिए। (Delhi Airport Terminal Accident)

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल-1 की छत गिरने की घटना पर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अफसोस की बात है। उम्मीद करते हैं कि DGCA इसका संज्ञान लेगा। ये क्यों हुआ, कैसे हुआ? ये देश को बताने की जरूरत है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हाल ही में एयरपोर्ट का निर्माण हुआ है। अगर पहली ही बारिश में ये हालत है, इसका मतलब निर्माण कार्य बहुत खराब स्तर का है। सरकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए और यात्रियों की सुरक्षा का प्रबंध करना चाहिए। बता दें कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर छत गिरने की घटना के बाद बहाली का काम जारी है। (Delhi Airport Terminal Accident)




