Google Analytics —— Meta Pixel

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर प्रसव होना स्वास्थ्य सेवाओं की शर्मनाक तस्वीर : सरोज पांडेय

रायपुर । भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डॉ. सरोज पांडेय ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के विधानसभा क्षेत्र और जिला मुख्यालय अंबिकापुर में एक महिला द्वारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर सुबह बच्चे को जन्म देने की खबर को प्रदेश की बदहाल हो चली स्वास्थ्य सेवाओं की शर्मनाक तस्वीर बताया है। डॉ. पांडेय ने कहा कि जब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव के अपने ही इलाके में जब स्वास्थ्य महकमा संवेदनहीनता की पराकाष्ठा कर रहा है तो प्रदेश के दीगर इलाकों की बदहाली का अनुमान तो सहज ही लगाया जा सकता है।

यह भी पढ़े :- Priyanka Gandhi Chhattisgarh Visit : कल छत्तीसगढ़ आएंगी प्रियंका गांधी, इस कार्यक्रम में करेंगी शिरकत

भाजपा (BJP) राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की संजीदगी से जाँच होनी चाहिए कि जब बुधवार देर रात रघुनाथपुर (बलरामपुर) निवासी गर्भवती पवित्रा (20) को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तो गुरुवार की सुबह मेडिकल कॉलेज के बाहर महिला ने किन अव्यवस्थाओं के चलते बच्चे को जन्म देने के लिए विवश हुई? गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अस्पताल का शौचालय गंदा होने के कारण महिला टॉयलेट के लिए बाहर चली गई। इसी दौरान उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और थोड़ी देर बाद महिला ने वहीं एक बच्चे को जन्म दिया। गर्भवती महिला के पति का यह आरोप बेहद गंभीर है कि अस्पताल के स्टाफ ने हमारी कोई मदद नहीं की। उन्होंने ने महिला के पति के आरोपों पर मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों के उस कथन को गैरजिम्मेदाराना बताया कि अस्तपाल के बाहर उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है। फिलहाल, बच्चे की हालत गंभीर है। उसे एसएनसीयू में भर्ती कराया गया है। महिला के पति का यह आरोप भी स्वास्थ्य विभाग में चल रही भर्राशाही का परिचायक है कि प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल स्टाफ को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया। इस दौरान अस्पताल के बाहर अन्य महिलाओं ने उसकी दिक्कत देखी तो वो मदद के लिए आगे आईं। उन्होंने ही उसकी पत्नी का प्रसव कराया। बच्चे की हालत ठीक नहीं है। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अव्यवस्थाओं का शिकार है। कुछ समय पहले वहां भोजन की अव्यवस्था को लेकर बात सामने आई थी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के शासनकाल में स्वास्थ्य सेवाएँ बदतर हुई हैं। गर्भवती महिलाओं को बेहतर व त्वरित सुविधा के लिहाज से शुरू की गई महतारी एक्सप्रेस भी दम तोड़ रही है। शुरुआत में इस योजना के तहत जहाँ लगभग साढ़े 3 सौ एंबुलेंस का संचालन किया जा रहा था, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार के नाकारापन के चलते अब महज 1 सौ एंबुलेंस ही संचालित की जा रही है। यह प्रदेश सरकार के बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के दावों पर करारा तमाचा है। कांग्रेस ने दीगर वादों की ही तरह स्वास्थ्य संबंधी वादों से भी मुँह मोड़कर निर्लज्जता की हदें पार कर दीं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की खास मौजूदगी में प्रदेश सरकार ने जिस सर्वजन स्वास्थ्य योजना (युनिवर्सल हेल्थ केयर स्कीम) लागू की गई थी, वह प्रदेश में कहीं भी नजर नहीं आ रही है। प्रदेश सरकार के पास इस बात का कोई जवाब नहीं है कि इस योजना के तहत कितने लोगों को जाँच की सुविधा और दवाइयाँ नि:शुल्क प्रदान की गईं? कांग्रेस ने वादा किया था कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त डॉक्टर्स, नर्स तथा स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती की जाएगी। पूरा कार्यकाल बीतने को है, प्रदेश सरकार बताए कि प्रदेश के अमूमन सभी प्राथिमक स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टर्स, नर्स, स्वास्थ्यकर्मियों, दवाइयों व चिकित्सा उपकरणों के संकट से जूझ रहे हैं। प्रदेश सरकार यह भी बताए कि 6 मेडिकल कॉलेजों को मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में बदलने के वादे पर क्या काम हुआ? (BJP)

Back to top button
error: Content is protected !!