Google Analytics —— Meta Pixel

डिप्टी CM विजय शर्मा ने घायल जवानों से की मुलाकात, जल्द स्वस्थ होने की कामना

Deputy CM Meet Soldiers: डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा राजधानी रायपुर के श्री नारायणा अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने नवंबर-दिसंबर महीने में बस्तर इलाके में हुए IED ब्लास्ट में घायल जवानों से मुलाकात की। साथ ही उनका हाल-चाल जाना और जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। हॉस्पिटल में छत्तीसगढ़ पुलिस के 4 जवान अरविंद एक्का, कुंजाम जोगा, रोशन हिकमी और सुरेश कुमार मिच्छा समेत CAPF के जवान इंद्रजीत प्रसाद सिंह और मणिकांदन का इलाज चल रहा है। डिप्टी CM शर्मा ने घायल जवानों से कहा कि किसी भी प्रकार की सहायता की जरूरत हो तो उनसे संपर्क कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने डॉक्टर्स से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर चर्चा किया।

यह भी पढ़ें:- IIT की तर्ज पर शुरू होंगे ‘छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’: डिप्टी CM विजय शर्मा

मंत्री शर्मा ने बीजापुर के गंगालूर इलाके में जवानों पर नक्सलियों द्वारा की गई फायरिंग के बाद घायल जवानों के इलाज की स्थिति की जानकारी ली। बता दें कि घटना में घायल 27 साल के जवान को अपना पैर खोना पड़ा है। एक जवान को गोली लगी है। भावुक परिवारजन भी अस्पताल में मौजूद थे। क्रॉस फायरिंग में मृत बच्ची की मां का भी इलाज वहां चल रहा था। यह गृह मंत्री के लिए भी बहुत भावुक क्षण था। पीड़ित परिवारजनों के प्रति उन्होंने संवेदना जताई। गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि ये हम सभी के लिए बहुत भावनात्मक क्षण है। हम सब आपकी पीड़ा को महसूस कर रहे हैं, जिस जवान की पत्नी अपने पति की पीड़ा देखकर चीत्कार रही थी उसे संबल बंधाते हुए गृह मंत्री ने कहा कि बहन यह पीड़ा हम सबकी है। (Deputy CM Meet Soldiers)

उन्होंने कहा कि हम अपने जवानों के साथ हर स्थिति में खड़े हैं। वहां मौजूद अधिकारियों से गृह मंत्री ने कहा कि जो जवान अपने देश की सुरक्षा के लिए, अपने लोगों की सुरक्षा के लिए गश्त पर निकलते हैं। उन पर इस तरह कायराना हमला किया जा रहा है। यह बौखलाहट है। इस तरह की क्रूरता को बख्शा नहीं जाएगा। जिस जगह नक्सलियों ने जवानों पर हमला करने का निर्णय लिया होगा, इस बात की आशंका भी होगी कि वहां पर मासूम ग्रामीण भी चपेट में आ सकते हैं। इस पर भी क्रूरतापूर्वक हमला किया गया। हम अपने जवानों के साथ हर स्थिति में खड़े हैं। उन्हें मजबूत करेंगे। उन्हें हर जरूरी संसाधन प्रदान करेंगे। गृहमंत्री के साथ आरंग के विधायक गुरु खुशवंत साहेब, DGP अशोक जुनेजा, पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, डॉ. सुनील खेमका और हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित थे। (Deputy CM Meet Soldiers)

 

Back to top button
error: Content is protected !!