Google Analytics —— Meta Pixel

उपसरपंच की चाकू गोदकर हत्या, मोबाइल और 4 हजार रुपये लूटकर भागे 4 बदमाश

दुर्ग। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत करहीडीह और चिखली चौक के बीच रविवार देर रात बदमाशों ने लूट की नीयत से तुमाकला गांव के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल और करीब 4 हजार रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल से लौटते वक्त घेरा

जानकारी के अनुसार, धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात भिलाई के एक निजी अस्पताल से अपने साथी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक पर आए चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट की कोशिश करने लगे।

विरोध करने पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला

उपसरपंच द्वारा लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान साथ मौजूद साथी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।

इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया लूट के दौरान हत्या का लग रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़े :- ​छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता में सुधार: सुशासन, डिजिटलीकरण और जन-राहत का नया सवेरा

Back to top button
error: Content is protected !!