Balodabazar : रामजन्म के दिव्य रहस्यों का हुआ विस्तृत वर्णन, दिव्य संगीतमयी श्री रामकथा के तीसरे दिन का भव्य आयोजन
Shree Ram Katha : स्व. श्री सोनचंद वर्मा स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित 7 दिवसीय दिव्य संगीतमयी श्री रामकथा (Shree Ram Katha) का तीसरा दिन श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। अयोध्याधाम से पधारी सुप्रसिद्ध मानस विदुषी चंद्रकला जी ने श्री राम के जन्म प्रसंग और उनके अवतार के गूढ़ रहस्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु कथा स्थल पर उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ के कण कण में बसी हुई है भगवान श्रीराम की स्मृतियां : मुख्यमंत्री साय
चंद्रकला जी ने अपने प्रवचनों में भगवान श्री राम के अवतार के पीछे छिपे दिव्य रहस्यों को समझाते हुए कहा कि जब-जब धर्म का पतन होता है और अधर्म बढ़ता है, तब प्रभु स्वयं अवतरित होकर धर्म की स्थापना करते हैं। तुलसीदास कृत रामचरितमानस के आधार पर उन्होंने श्री राम के जन्म और उनकी बाल लीलाओं का मार्मिक वर्णन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भगवान श्री राम के अवतार लेने के पांच प्रमुख कारण थे, जिनमें ऋषियों को श्राप से मुक्त करना, भक्तों की रक्षा और पृथ्वी पर धर्म की पुनः स्थापना शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “प्रभु श्री राम का अवतार धर्म की रक्षा और भक्तों की पीड़ा हरने के लिए हुआ। जब-जब अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान विविध रूपों में अवतरित होकर संसार को पवित्र करते हैं।”
छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री ने भजन गाकर बांधा समां
“मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे” भजन पर झूम उठे श्रद्धालु
कार्यक्रम (Shree Ram Katha) के दौरान छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने मधुर स्वर में भजन “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे” प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने कथा में उपस्थित हर व्यक्ति के मन को छू लिया। भजन के दौरान पूरा पंडाल तालियों और “जय श्री राम” के उद्घोष से गूंज उठा।

मंत्री जी ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्री राम की कृपा से हर भक्त का जीवन धन्य हो सकता है, चाहे वह किसी भी परिस्थिति में क्यों न हो।

यह आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा के मार्गदर्शन और माननीय पुष्पराज टंकराम वर्मा के संयोजन में आयोजित किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर मंत्री जी और उनके परिवार सहित समस्त बलौदा बाजार क्षेत्रवासी धर्ममय वातावरण का आनंद ले रहे हैं।
आयोजन समिति के संयोजक श्री पुष्पराज टंकराम वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को श्री राम विवाह उत्सव कथा का भव्य वाचन होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से निवेदन किया कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करें।

आयोजन का महत्व
इस कार्यक्रम ने बलौदाबाजार क्षेत्र को राममय बना दिया है। कथा के माध्यम से श्रद्धालु धर्म, आध्यात्म और भक्ति के सागर में डुबकी लगा रहे हैं।



