Dhamtari Fuel Tanker Fire: धमतरी में डीजल टैंकर पलटने से लगी आग, ड्राइवर-कंडक्टर झुलसे; हाईवे पर मची अफरा-तफरी

Dhamtari Fuel Tanker Fire: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के बिरेझर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गुरुवार को एक डीजल टैंकर हादसे का शिकार हो गया। टैंकर का पट्टा टूटने के कारण वह अनियंत्रित होकर पलट गया और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में टैंकर का ड्राइवर करीब 50% तक झुलस गया जबकि कंडक्टर भी आंशिक रूप से घायल हुआ है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है, जहां इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें :- दंतेवाड़ा में 3 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, नाबालिग ने दिया वारदात को अंजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रायपुर से धमतरी की ओर जा रहा डीजल टैंकर जैसे ही बिरेझर के पास पहुंचा, उसका पट्टा टूट गया। इसके बावजूद ड्राइवर वाहन को कुछ दूर तक घसीटता रहा। इसी दौरान तेज स्पार्किंग के चलते टैंकर में आग लग गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके से इधर-उधर भागने लगे और पुलिस को सूचना दी गई। (Dhamtari Fuel Tanker Fire)
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। घायलों को तत्काल कुरूद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया।
डीएसपी रागिनी तिवारी ने बताया कि हादसे के समय टैंकर में डीजल भरा हुआ था और वह काफी स्पीड में था। पट्टा टूटने के बाद भी वाहन को रोकने की बजाय आगे बढ़ाने से दुर्घटना और भयावह हो गई। (Dhamtari Fuel Tanker Fire)
घटना के कारण हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया था, जिसे टैंकर को क्रेन से हटाने के बाद बहाल किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह है कि दोनों घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। (Dhamtari Fuel Tanker Fire)



