Dhamtari Wife Murder : शादी के 3 महीने बाद चरित्र शंका में पत्नी का गला रेता, इंस्टा पर ‘LOVE YOU’ वाले पोस्ट के साथ पत्नी की फोटो

Dhamtari Wife Murder : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मंगलवार को एक युवक ने अपनी पत्नी का गला सब्जी काटने वाले हसिया से काटकर हत्या कर दी। दोनों की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। आरोपी ने हत्या से पहले पत्नी के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर कर “LOVE YOU” लिखा था।
घटना नगरी थाना क्षेत्र की है। आरोपी का नाम धनेश्वर पटेल (26) है, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन है। मृतका मीनाक्षी पटेल (22) मूलतः धमतरी के मुजगहन की रहने वाली थी। आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते वह लगातार झगड़ा करता था।
यह भी पढ़ें :- Wife and Daughter Killed : पत्नी और बेटी को कुल्हाड़ी से मार डाला, खुद फांसी लगाने जा रहा था आरोपी; पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा
कैसे हुआ हत्या का खुलासा?
मंगलवार सुबह मीनाक्षी के ससुराल वाले खेत पर काम करने गए थे। घर में सिर्फ पति-पत्नी थे। इस दौरान दोनों में शक को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने हसिए से पत्नी का गला काट दिया। वारदात के बाद उसने कपड़े से खून मिटाने की कोशिश भी की, ताकि सबूत छुपाए जा सकें। (Dhamtari Wife Murder)
हत्या के बाद आरोपी ने खुद ही परिवारवालों को फोन कर बताया कि उसने गुस्से में मीनाक्षी की हत्या कर दी है। खबर सुनते ही घरवाले पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। नगरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
किसी से बात नहीं करने देता था पति
परिजनों ने बताया कि धनेश्वर अपनी पत्नी को किसी से भी बात नहीं करने देता था, न ही पड़ोसियों से। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी इसी को लेकर झगड़ा हुआ, जो हत्या में बदल गया। (Dhamtari Wife Murder)
मानसिक इलाज भी चल रहा था
परिजनों का कहना है कि धनेश्वर का मानसिक इलाज भी चल रहा था और वह सोशल मीडिया पर एक्टिव था। इंस्टाग्राम पर ‘शशिकांत पटेल’ के नाम से अकाउंट है, जिसमें वह पत्नी के साथ फोटो डालकर “LOVE YOU” लिख चुका था।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और हत्या में इस्तेमाल हसिया बरामद कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। (Dhamtari Wife Murder)



