दिमागी नक्सली विवाद ने पकड़ा तूल, बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने, बस्तर शांति समिति ने चिदंबरम से की माफी की मांग
Dimagi Naxal Controversy: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान को लेकर सियासी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीजेपी नेताओं के बयान पर कांग्रेस लगातार हमलावर है तो वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत बीजेपी नेता कांग्रेस पर पलटवार कर रहे हैं। इस बीच बस्तर शांति समिति ने भी पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम के बयान पर आपत्ति जताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज ऐसे लोग सवाल उठा रहे हैं, जिन्होंने नक्सलवाद के खात्मे के लिए कभी दृढ़ इच्छाशक्ति नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि साल 2023 में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सल प्रभावित राज्यों की समीक्षा की थी। उस समय देश के बचे हुए नक्सलियों का करीब तीन-चौथाई हिस्सा छत्तीसगढ़ में था।
यह भी पढ़ें:- विकास और संरक्षण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, सदैव साथ-साथ चल सकते हैं: उपराष्ट्रपति
CM साय ने कहा कि उस समय नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा करना असंभव जैसा लगता था, लेकिन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाई और केंद्र-राज्य सरकार के प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी गई। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार के कामों की प्रशंसा करनी चाहिए, लेकिन अपनी कमजोरी छिपाने के लिए असत्य बातें कही जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने कभी नक्सलवाद के खिलाफ कोई प्रभावी लड़ाई नहीं लड़ी। इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया है। बैज ने कहा कि बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे पहले माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उनके नेताओं ने सीधे तौर पर देश के युवाओं को दिमागी नक्सली कहा है।

PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी को नक्सलवाद का ज्ञान देने की जरूरत नहीं है। नक्सलवाद का दर्द कांग्रेस ने सबसे ज्यादा झेला है। उन्होंने बीजेपी के बयान को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि नक्सलवाद जैसी गंभीर समस्या को राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। इस पूरे विवाद के बीच बीजेपी सांसद और छत्तीसगढ़ बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के DNA को ही नक्सलवाद से जोड़ते हुए कहा कि D का मतलब दिमागी, N का मतलब नक्सल और A का मतलब एसोसिएशन है। पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिमागी नक्सली कहते हुए किसी व्यक्ति या संगठन का नाम नहीं लिया था। इसके बावजूद कांग्रेस खुद सामने आकर इसे अपने ऊपर ले रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसा क्यों है और यह क्या दर्शाता है ?
बस्तर शांति समिति भी मैदान में, चिदंबरम से माफी की मांग
बीजेपी सांसद ने कहा कि जंगलों में बंदूक लेकर हिंसा करने वाले नक्सली खत्म हुए हैं, लेकिन उनके विचारों से प्रभावित लोग अभी भी मौजूद हैं। उन्होंने इसी आधार पर दिमागी नक्सली शब्द का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। इधर, रायपुर में बस्तर शांति समिति ने भी पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम के दिमागी नक्सली से जुड़े बयान पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आपत्ति जताई। समिति में नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवार भी शामिल हैं। समिति के सदस्य तामेश्वर सिन्हा ने कहा कि पी. चिदंबरम ने बयान दिया था कि उन्हें दिमागी नक्सली होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि बस्तर को नक्सल हिंसा से मुक्त हुए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है और यहां के लोगों ने नक्सलवाद का दंश झेला है। ऐसे में देश के पूर्व गृहमंत्री की ओर से इस तरह का बयान आना दुर्भाग्यपूर्ण है। (Dimagi Naxal Controversy)
बयान से बढ़ी सियासी गर्मी
तामेश्वर सिन्हा ने सवाल उठाया कि बयान देने से पहले क्या पूर्व गृहमंत्री को बस्तरवासियों की पीड़ा नजर नहीं आई? बस्तर शांति समिति ने पी. चिदंबरम से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। समिति ने चेतावनी दी है कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो दिल्ली जाकर प्रदर्शन किया जाएगा। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब लड़ाई बंदूक से निकलकर बयानों तक पहुंच गई है। एक तरफ बीजेपी इसे नक्सलवाद की विचारधारा के खिलाफ वैचारिक लड़ाई बता रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस इसे युवाओं और विपक्ष को दिमागी नक्सली कहकर बदनाम करने की कोशिश बता रही है। वहीं नक्सल हिंसा से प्रभावित बस्तर के लोग भी इस राजनीतिक बयानबाजी पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में दिमागी नक्सली का मुद्दा आने वाले दिनों में भी छत्तीसगढ़ की सियासत में गर्म रहने के आसार हैं। (Dimagi Naxal Controversy)



