लौकी की सब्जी को लेकर पति-पत्नी में विवाद, गुस्से में पति ने पत्नी पर फेंका खौलता पानी, आरोपी गिरफ्तार

बालोद। बालोद जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़कीभाट में घरेलू विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रात के भोजन में लौकी की सब्जी बनाए जाने से नाराज पति ने अपनी पत्नी पर खौलता पानी फेंक दिया, जिससे वह झुलस गई। घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़कीभाट निवासी रूमा साहू ने रात के भोजन में लौकी की सब्जी बनाई थी। काम से घर लौटे उसके पति महेश साहू ने भोजन को लेकर नाराजगी जताई और अंडे की सब्जी बनाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान महेश साहू स्वयं अंडे खरीदकर घर लाया और उन्हें उबालने लगा। इसी बीच पति-पत्नी के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में आकर महेश साहू ने उबलता हुआ पानी पत्नी पर फेंक दिया, जिससे उसकी जांघ गंभीर रूप से झुलस गई।
घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 पर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
बालोद एसडीओपी बोनिफास एक्का ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी महेश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े :- कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव पर सियासी घमासान: भाजपा ने साधा निशाना, महंत बोले- कांग्रेस में नहीं है गुटबाजी



