Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव पर सियासी घमासान: भाजपा ने साधा निशाना, महंत बोले- कांग्रेस में नहीं है गुटबाजी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के संभावित बदलाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। संगठन में नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है।

प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर उठ रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर लंबे समय से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जायसवाल ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर गुटबाजी हावी है और यही उसकी कमजोर होती राजनीतिक स्थिति का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच अपना जनाधार खो चुकी है, इसलिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार अस्थिरता बनी हुई है।

भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित और संगठित पार्टी है, जहां सभी निर्णय सामूहिक नेतृत्व के आधार पर लिए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और सभी नेता पार्टी हित में एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं।

महंत ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया जारी है और छत्तीसगढ़ भी इससे अछूता नहीं रहेगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष परिवर्तन को लेकर कोई तत्काल निर्णय नहीं लिया गया है। पार्टी नेतृत्व और आगामी कार्यक्रमों के बाद संगठनात्मक विषयों पर विचार किया जाएगा।

इस दौरान महंत ने राज्य सरकार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की स्थिति को लेकर सरकार के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते। उनके अनुसार, प्रदेश के कई क्षेत्रों में किसान अब भी विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं, जिनके समाधान के लिए सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने दिल्ली में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की बैठक का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बैठक में महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों सहित आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही विपक्षी दल आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी मंथन करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर जारी चर्चाओं के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में संगठनात्मक बदलाव और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर प्रदेश की सियासत और गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।

यह भी पढ़े :- ममता बनर्जी को दिल्ली में बड़ा झटका! राज्यसभा सांसद ने दिया इस्तीफा, TMC भी छोड़ी

Back to top button
error: Content is protected !!