चिकित्सक आधे भगवान- कवर्धा में सम्मान समारोह, उपमुख्यमंत्री शर्मा ने की सराहना
Chhattisgarh News : कवर्धा जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को उत्कृष्ट बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चिकित्सकों के सम्मान में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला अस्पताल एवं निजी अस्पतालों से जुड़े चिकित्सक उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने सभी को साल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके साथ रात्रि भोज में सहभागी बने। इस दौरान उन्होंने कवर्धा में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने संबंधी विस्तृत चर्चा भी की।
यह भी पढ़े :- भिलाई में पहली बार होगी बाबा बागेश्वर धाम की कथा, 25 से 29 दिसंबर तक दिव्य आयोजन
समारोह में उपमुख्यमंत्री ने जिले के सुदूर वनांचलों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर आमजन को उपचार सुविधा उपलब्ध कराने वाले चिकित्सकों को विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “चिकित्सक आधे भगवान होते हैं। किसी भी आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने का कार्य सेवा भावना से ही संभव है। कवर्धा के स्थानीय चिकित्सकों के साथ बाहर से आए चिकित्सकों ने भी पूरे मन से सेवा की है, जिसके लिए पूरा कवर्धा उनका आभारी है। (Chhattisgarh News)
कवर्धा में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार
कार्यक्रम में श्री शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए अनेक योजनाएँ स्वीकृत की गई हैं, जिनमें प्रमुख हैं-
- 50 बिस्तरीय मातृत्व एवं शिशु अस्पताल के लिए 40 पदों की स्वीकृति
- 16.63 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण
- सिटी स्कैन सुविधा और इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब की स्थापना
- जिला चिकित्सालय कबीरधाम की क्षमता 100 से बढ़ाकर 220 बिस्तर, 258 नए पद स्वीकृत
- सीएचसी बोड़ला में सोनोग्राफी मशीन, सीएचसी पिपरिया और पीएचसी रेंगाखार को एंबुलेंस
- पब्लिक हेल्थ यूनिट का शुभारंभ पिपरिया और सहसपुर लोहारा में
- पीएचसी तरेगांव को सीएचसी और उपस्वास्थ्य केन्द्र राजा नवागांव को पीएचसी में उन्नयन
- 318.27 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्वीकृति, जिससे कवर्धा मेडिकल हब बनने की दिशा में अग्रसर
11 दिसंबर को होगा मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कवर्धा मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी जाएगी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूजित आधार शिला है। उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए सभी चिकित्सकों एवं नागरिकों को आमंत्रित किया। (Chhattisgarh News)



