भिलाई में पहली बार होगी बाबा बागेश्वर धाम की कथा, 25 से 29 दिसंबर तक दिव्य आयोजन
Baba Bageshwar In Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में पहली बार बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) (Baba Bageshwar In Chhattisgarh) की कथा होने जा रही है। दुर्ग जिले के भिलाई में आयोजित इस पांच दिवसीय हनुमंत कथा और दिव्य दरबार का आयोजन 25 से 29 दिसंबर तक किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन सेवा समर्थन सीमित संस्था द्वारा किया जा रहा है।
जयंती स्टेडियम के पास विशाल आयोजन
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त राकेश पांडेय ने बताया कि भिलाई में पहली बार बाबा बागेश्वर की कथा के आयोजन को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है। कथा का आयोजन जयंती स्टेडियम के समीप स्थित ग्राउंड में किया जाएगा।
लग रहे भक्तों के मेले की तैयारी
राकेश पांडेय ने बताया कि आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। प्रतिदिन लगभग पाँच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशाल डोम और पंडाल बनाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
भक्तों के लिए हर दिन महाभंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए ई-रिक्शा सुविधा, हेल्थ चेकअप हेतु मेडिकल कैंप, और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन भिलाई के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम की जानकारी साझा करते समय भिलाई जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, दुर्ग भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी उपस्थित रहे। (Baba Bageshwar In Chhattisgarh)



