Google Analytics —— Meta Pixel

गर्लफ्रेंड के दबाव में पति ने रची दोहरे हत्याकांड की साजिश, पत्नी और 3 साल के बेटे की गला घोंटकर की हत्या

Double Murder in Kondagaon: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मुख्य आरोपी पति रोहित सेठिया समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि अवैध प्रेम संबंध, पारिवारिक दबाव और भरण-पोषण की राशि से बचने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। मृतकों की पहचान भागवती सेठिया और उसके 3 साल के मासूम बेटे के रूप में हुई है, जो बीते दिनों से लापता बताए जा रहे थे। मामला फरसगांव थाना क्षेत्र का है।

यह भी पढ़ें:- CG NEWS : खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने राज्य शासन की निर्णायक पहल

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी रोहित सेठिया ने अपने माता-पिता, गर्लफ्रेंड और दूसरे सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पहले महिला की गला घोंटकर हत्या की, फिर उसके 3 साल के बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया। सबूत मिटाने के लिए महिला का शव नदी में और बच्चे का शव तालाब में फेंक दिया गया। मृतिका भागवती सेठिया सिरपुर गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी 2020 में रोहित सेठिया से हुई थी। शादी के बाद से ही भागवती को ससुराल पक्ष की ओर से प्रताड़ित किया जाता था। इसको लेकर पहले भी सामाजिक बैठक हो चुकी थी। (Double Murder in Kondagaon)

भरण-पोषण की रकम से बचने के लिए हत्या

सामाजिक बैठक के बाद पति-पत्नी अलग-अलग रहने लगे थे। इसी दौरान रोहित का बसंती सेठिया नाम की युवती से प्रेम संबंध हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि कोर्ट ने रोहित को 5000 रुपए प्रतिमाह भरण-पोषण देने का आदेश दिया था। आरोपी इस रकम और तलाक के विवाद से बचना चाहता था। परिवार और गर्लफ्रेंड के दबाव में आकर उसने दोहरे हत्याकांड की योजना बनाई। (Double Murder in Kondagaon)

विशाखापट्टनम घुमाने का बहाना, रास्ते में हत्या

24 नवंबर को आरोपी रोहित ने भागवती को विशाखापट्टनम घुमाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। रास्ते में ओडिशा के जयपुर रोड के पास एक सुनसान इलाके में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को पत्थरों से बांधकर इंद्रावती नदी में फेंक दिया गया। महिला की हत्या के बाद आरोपी उसके 3 साल के बेटे को ओडिशा के सिंगारसाड़ी क्षेत्र के जंगल में स्थित एक तालाब के पास ले गए, जहां बच्चे की भी गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव तालाब में फेंक दिया गया। (Double Murder in Kondagaon)

लापता होने की रिपोर्ट से खुला राज

परिजनों के मुताबिक भागवती अपने बच्चे के साथ 20 नवंबर से लापता थी। घटना की जानकारी उन्हें 3 दिसंबर को मिली, जिसके बाद 6 दिसंबर को फरसगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी रोहित सेठिया, उसकी गर्लफ्रेंड बसंती सेठिया, मां उर्मिला सेठिया, पिता रमेशचंद्र सेठिया समेत तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस तरह कुल 7 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!