संसद में ‘चढ़ावा चोरी’ पर नाटक पड़ा भारी: राहुल , पप्पू पर FIR, देश भर में संतों का फूटा गुस्सा

नई दिल्ली/वाराणसी: संसद परिसर में अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर किए गए एक प्रतीकात्मक प्रदर्शन को लेकर विवाद गहरा गया है। इस दौरान किए गए ‘नाटक’ के कारण निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सनातन धर्म और धार्मिक प्रतीकों के कथित अपमान को लेकर शनिवार को वाराणसी में तीनों सांसदों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है, जबकि दिल्ली के संसद मार्ग थाने में भी शिकायत सौंपी गई है।
संसद परिसर में क्या हुआ था?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार का घेराव करने के लिए संसद परिसर में एक प्रतीकात्मक नाटक का आयोजन किया था। प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र धारण कर पुजारी की भूमिका में दिखे, जबकि राहुल गांधी ने उन्हें ‘चंदा’ (दान) दिया। इसके बाद पप्पू यादव दान पात्र लेकर भागने का अभिनय करने लगे, जिन्हें अन्य सांसदों ने रोका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे भी लगाए।
कानून का शिकंजा और पुलिस की कार्रवाई
संसद में हुए इस घटनाक्रम के बाद संतों और धार्मिक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। वाराणसी के पुलिस उपायुक्त (DCP) गौरव बंसवाल ने बताया कि संतों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सांसद राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ सनातन धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और अपमान करने के आरोप में मामला दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
देश भर में संतों और सनातनियों का विरोध
घटना के विरोध में देश भर के साधु-संतों और सनातनी संगठनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। विभिन्न प्रमुख धर्मगुरुओं ने इस पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है:
स्वामी रामदेव (योग गुरु): “सनातन धर्म और धार्मिक प्रतीकों का किसी भी रूप में अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती (राष्ट्रीय महासचिव, अखिल भारतीय संत समिति): “हिंदू धर्म और उसकी परंपराओं के खिलाफ लगातार साजिशें रची जा रही हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और गलत है।”
स्वामी दीपांकर: “भगवान राम और सनातन परंपरा का ऐसा अपमान हिंदू समाज कभी सहन नहीं करेगा।”
फिलहाल, इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में बयानबाजी और विरोध का दौर जारी है।
यह भी पढ़े :- ‘मैं पीएम मोदी से निराश हो चुका हूं’: शहजाद पूनावाला ने VIDEO शेयर कर कहा- ‘आपसे ये उम्मीद नहीं थी’



