राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को आएंगी जगदलपुर, मुरिया दरबार में होंगी शामिल; लालबाग मैदान में आमसभा को करेंगी संबोधित
Draupadi Murmu Bastar Visit: राष्ट्रपति के दौरे को लेकर तैयारियां तेज, वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान का किया निरीक्षण; सुरक्षा, यातायात और अतिथियों की व्यवस्था की समीक्षा।
Draupadi Murmu Bastar Visit : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के एकदिवसीय प्रवास पर आएंगी। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी। इसके साथ ही वे लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को भी संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
लालबाग मैदान में तैयारियों का निरीक्षण
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री कश्यप ने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था और विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित दीर्घा की तैयारियों की समीक्षा की। इसके अलावा सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की गई। (Draupadi Murmu Bastar Visit)
अधिकारियों को समय पर व्यवस्था पूरी करने के निर्देश
वन मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रवास से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने के साथ आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
लालबाग मैदान में आयोजित निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति का यह प्रस्तावित दौरा बस्तर की ऐतिहासिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुरिया दरबार बस्तर दशहरा से जुड़ी एक विशिष्ट परंपरा है, जिसमें क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और जनपरंपराओं की झलक देखने को मिलती है। (Draupadi Murmu Bastar Visit)



