Google Analytics —— Meta Pixel

शराब के नशे में 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, 6 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आज रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में एक शादीशुदा युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

मामला करतला थाना क्षेत्र का है। युवक के टावर पर चढ़ने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

शराब के नशे में टावर पर चढ़ा युवक

जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था।

दोपहर के समय देव सिंह अचानक गांव के पास स्थित करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया। हाईटेंशन लाइन के आसपास मौजूद बिजली के करंट के कारण स्थिति बेहद जोखिम भरी हो गई।

पत्नी और बच्चे नीचे से लगाते रहे आवाज

युवक को टावर पर चढ़ा देखकर उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीणों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। लोग काफी देर तक नीचे से आवाज लगाते रहे, लेकिन युवक उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ।

बताया गया कि युवक कभी टावर के ऊपर जाता तो कभी नीचे आता रहा। ग्रामीणों ने उससे टावर पर चढ़ने की वजह जानने की कोशिश भी की, लेकिन उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया।

हाईटेंशन लाइन के कारण युवक को सीधे नीचे उतारना जोखिम भरा था। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की टीम ने सुरक्षित दूरी से युवक से बातचीत शुरू की और लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाती रही।

छह घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतरा

करीब छह घंटे तक चले समझाइश के प्रयास के बाद आखिरकार देव सिंह राठिया नीचे उतरने के लिए राजी हो गया। युवक के सुरक्षित नीचे आते ही मौके पर मौजूद पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

टावर पर क्यों चढ़ा, पुलिस कर रही पूछताछ

करतला थाना प्रभारी गणेश यादव के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। तहसीलदार के साथ मिलकर युवक को काफी देर तक समझाया गया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया।

पुलिस के अनुसार, युवक शराब के नशे में था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ने का कदम क्यों उठाया।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बेमेतरा के नांदघाट थाना क्षेत्र में भी शराब के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज एक युवक करीब 125 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया था। पुलिस की समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया था। बिलासपुर और कोंडागांव से भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

यह भी पढ़े :- स्वामी आत्मानंद स्कूल में बड़ा हादसा, लोहे का गेट गिरने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत

Back to top button
error: Content is protected !!