Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में ABVP का दबदबा, 4 में से 3 पद जीते, निर्दलीय के खाते में उपाध्यक्ष पद

DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ यानी DUSU चुनाव 2026 के नतीजे घोषित हो गए हैं। 20 राउंड की मतगणना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी ABVP ने केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पदों पर जीत दर्ज की है। ABVP के यश डबास ने अध्यक्ष पद, रिया छावड़ी ने सचिव पद और लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की। इस तरह कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI इस बार केंद्रीय पैनल की चारों सीटों में से किसी पर भी जीत हासिल नहीं कर सका। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास और NSUI के विजय शंकर मीणा के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा। शुरुआती कई राउंड में बढ़त लगातार बदलती रही। एक समय NSUI के विजय शंकर मीणा सिर्फ एक वोट से आगे हो गए थे। हालांकि अंतिम राउंड में तस्वीर बदल गई और यश डबास ने बढ़त बनाते हुए अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।

यह भी पढ़ें:- उफनते नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, लोगों 8 की मौत, मृतकों में 3 बच्चे शामिल

फाइनल नतीजे में यश डबास को 24,576 वोट, जबकि NSUI के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले। इस तरह यश डबास ने 2,053 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी विजेता रहीं। उन्होंने NSUI की नम्रता चौधरी को पीछे छोड़ा। रिया छावड़ी को 21,650 वोट मिले और उन्होंने सचिव पद पर जीत दर्ज की। शुरुआती राउंड से ही इस सीट पर ABVP की बढ़त बनी हुई थी। संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने जीत हासिल की। इस सीट पर मुकाबला कई राउंड तक बेहद करीबी रहा। कभी NSUI तो कभी ABVP और निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त बनाते नजर आए। अंतिम नतीजे में लक्ष्य राज सिंह को 16,615 वोट मिले और उन्होंने संयुक्त सचिव पद अपने नाम किया। DUSU चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर उपाध्यक्ष पद पर देखने को मिला। निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बड़ी बढ़त के साथ जीत हासिल की। (DUSU Election 2026)

17 साल बाद केंद्रीय पैनल में निर्दलीय की जीत

फाइनल रिजल्ट में दीपांशु शौकीन को 30,615 वोट मिले। ABVP के ईशु मौर्य को 16,910 वोट और NSUI के वीर छत्रथ को 4,313 वोट मिले। दीपांशु शौकीन की जीत इसलिए भी चर्चा में रही, क्योंकि वे पहले NSUI से जुड़े रहे थे और बाद में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे। इस चुनाव की खास बात यह भी रही कि करीब 17 साल बाद DUSU के केंद्रीय पैनल में किसी निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर दीपांशु शौकीन की जीत इसी वजह से चुनाव के प्रमुख घटनाक्रमों में शामिल रही। चुनाव प्रचार के दौरान शौकीन ने छात्रों से जुड़े मुद्दों, खासकर रहने और हॉस्टल जैसी सुविधाओं को प्रमुखता से उठाया था। चुनाव परिणाम के बाद उन्होंने छात्रों की आवाज बनने और अपने वादों पर काम करने की बात कही। DUSU चुनाव के लिए 18 सितंबर को दिल्ली यूनिवर्सिटी के 52 कॉलेजों और संबंधित केंद्रों पर मतदान हुआ था। इस बार कुल 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। करीब 1.51 लाख छात्र वोटर थे, जिनमें से 61,312 छात्रों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। (DUSU Election 2026)

1,000 EVM, 2 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात

मतगणना 19 सितंबर को नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में शुरू हुई और कुल 20 राउंड की गिनती के बाद नतीजे सामने आए। चुनाव में कुल 1,000 EVM तैनात की गई थी। इनमें 960 EVM का इस्तेमाल मतदान के लिए हुआ, जबकि 40 मशीनें रिजर्व रखी गई थी। मतदान खत्म होने के बाद EVM को सुरक्षा व्यवस्था के बीच काउंटिंग सेंटर तक पहुंचाया गया। मतगणना के दौरान दिल्ली यूनिवर्सिटी परिसर में 2,000 से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती की गई थी। काउंटिंग सेंटर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया था। 2025 के DUSU चुनाव में भी ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की थी, जबकि उपाध्यक्ष पद NSUI के खाते में गया था। इस बार ABVP ने फिर तीन पद अपने पास बरकरार रखे, लेकिन उपाध्यक्ष पद NSUI के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन के खाते में गया। (DUSU Election 2026)

DUSU से राजनीति में पहुंचे कई बड़े नाम

चुनाव में ABVP, कांग्रेस समर्थित NSUI और AISA-SFI से जुड़े उम्मीदवारों के बीच मुकाबला था। अंतिम परिणाम में ABVP ने चार में से तीन केंद्रीय पद अपने नाम किए, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ का चुनाव लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति में भी चर्चा का विषय रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली 1974 में DUSU अध्यक्ष रह चुके हैं। विजय गोयल भी DUSU अध्यक्ष रहे। कांग्रेस नेता अजय माकन और अलका लांबा भी DUSU की राजनीति से आगे बढ़े नेताओं में शामिल हैं। कोविड-19 के कारण 2020 और 2021 में चुनाव नहीं हुए थे, जबकि 2022 में एडमिशन प्रक्रिया में देरी के चलते चुनाव नहीं कराया गया था। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में ABVP ने एक बार फिर तीन केंद्रीय पदों पर अपनी पकड़ बरकरार रखी है, लेकिन उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन की जीत ने चुनावी तस्वीर में नया अध्याय जोड़ दिया। 17 साल बाद केंद्रीय पैनल में निर्दलीय की एंट्री के साथ अब नजरें इस बात पर होंगी कि छात्र राजनीति में ये बदली हुई तस्वीर आगे किस तरह दिखाई देती है।

Back to top button
error: Content is protected !!