Google Analytics —— Meta Pixel

पाकिस्तान के बाद अब बांग्लादेश में तुर्किये की ड्रोन फैक्ट्री, सीमा से महज 75 किमी दूर बिछ रहा जाल

Turkey Drone Plant in Bangladesh: पाकिस्तान के बाद अब तुर्किये ने बांग्लादेश में अपनी रक्षा तकनीक का दायरा तेजी से बढ़ाना शुरू कर दिया है। दोनों देश मिलकर बांग्लादेश के बोगुरा में एक विशाल ड्रोन निर्माण फैक्ट्री स्थापित करने की तैयारी कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट पर अनुमानित रूप से 25 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। समझौते के तहत तुर्किये न सिर्फ बांग्लादेश को वित्तीय मदद और साजो-सामान देगा, बल्कि उसे उन्नत ड्रोन बनाने की तकनीक भी ट्रांसफर करेगा। यह प्रस्तावित फैक्ट्री बांग्लादेश के उत्तरी हिस्से में स्थित बोगुरा में बनाई जा रही है, जो भारतीय सीमा से सिर्फ 75 किलोमीटर की दूरी पर है। इस फैक्ट्री के पास ही बांग्लादेश वायुसेना का एक नया एयरबेस भी बनाया जा रहा है। साथ ही बोगुरा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित करने की योजना है।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में ABVP का दबदबा, 4 में से 3 पद जीते, निर्दलीय के खाते में उपाध्यक्ष पद

भारत और बांग्लादेश के बीच करीब 4,096 किलोमीटर लंबी सीमा है, जो दुनिया की पांचवीं सबसे लंबी भूमि सीमा है। ऐसे में इस क्षेत्र में सैन्य और रक्षा उत्पादन इकाइयों का बनना भारत की सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक बांग्लादेश और तुर्किये के बीच लगातार गहराता रक्षा सहयोग भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के लिए एक बड़ा सुरक्षा खतरा बन सकता है। बांग्लादेश की योजना भारत से लगी सीमा के पास ड्रोन तैनात करने की है। इसके अलावा बांग्लादेश सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच होने वाले ‘मक्का रक्षा करार’ में भी शामिल होने की इच्छा रखता है, जिसमें पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। (Turkey Drone Plant in Bangladesh)

तुर्किये का पाकिस्तान कनेक्शन

तुर्किये अपने खतरनाक और आधुनिक सैन्य ड्रोनों के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। तुर्किये की प्रमुख ड्रोन निर्माता कंपनी ‘बायकर’ पहले से ही पाकिस्तान में सक्रिय है। साल 2023 में बायकर की पाकिस्तानी सहायक कंपनी ने नेशनल एयरोस्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी पार्क के साथ रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए समझौते किए थे। बांग्लादेश पहले से ही तुर्किये के सैन्य उपकरणों का इस्तेमाल कर रहा है, जिसमें ओटोकर कंपनी के ‘कोबरा-2’ बख्तरबंद वाहन शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल दुनिया के 20 से ज्यादा देश करते हैं। सैन्य और कूटनीतिक गतिविधियों के अलावा, तुर्किये सांस्कृतिक मोर्चे पर भी बांग्लादेश में अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है।

भारत की सुरक्षा के लिए नई चुनौती !

पिछले 6 महीनों के भीतर बांग्लादेश में तुर्किये के 12 कल्चरल सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन सेंटरों को लेकर यह दावे किए जा रहे हैं कि इनके संबंध कट्टरपंथी छात्र संगठन ‘शिबिर’ और ‘जमात-ए-इस्लामी’ से हैं, जो भारत विरोधी एजेंडे को बढ़ावा दे रहे हैं। राजधानी ढाका में ‘यूनुस एम्रे इंस्टीट्यूट’ और एक अन्य तुर्की कल्चरल सेंटर खोलने की भी तैयारी है। इसके अलावा तुर्किये सरकार के ‘तुर्किये स्कॉलरशिप्स’ प्रोग्राम के तहत इस साल बांग्लादेश के 3 हजार छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए तुर्किये भेजने का लक्ष्य रखा गया है। भारत के दोनों पड़ोसी देशों यानी पाकिस्तान और बांग्लादेश में तुर्किये की बढ़ती दखलंदाजी और रणनीतिक ठिकानों पर ड्रोन फैक्ट्रियों का निर्माण भारत की सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी और नई चुनौती के रूप में उभर रहा है। (Turkey Drone Plant in Bangladesh)

भारत पर दोतरफा दबाव का खतरा

तुर्किये और बांग्लादेश के बढ़ते रक्षा सहयोग और भारतीय सीमा के पास ड्रोन फैक्ट्री स्थापित होने से भारत की सुरक्षा के लिए कई तरह की चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। भारत की सबसे लंबी सीमा बांग्लादेश से लगती है। सीमा से मात्र 75 किमी दूर बोगुरा में ड्रोन फैक्ट्री बनने और वहां ड्रोन की तैनाती से भारत के पूर्वोत्तर राज्यों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं काफी बढ़ गई हैं। तुर्किये के बायरक्तार TB2 जैसे आधुनिक ड्रोन कम लागत में लंबी दूरी तक सटीक निगरानी और हमला करने में सक्षम हैं। सीमा के इतने करीब इनकी मौजूदगी से भारतीय सैन्य गतिविधियों और संवेदनशील ठिकानों पर ताक-झांक या खुफिया जानकारी जुटाने का खतरा पैदा हो सकता है। पाकिस्तान के साथ तुर्किये का रक्षा गठजोड़ पहले से ही है और अब बांग्लादेश में भी उसकी पैठ बन जाने से भारत को पश्चिमी मोर्चे के साथ-साथ पूर्वी मोर्चे पर भी एक नया सुरक्षा तनाव झेलना पड़ सकता है। 

कट्टरपंथी ताकतों और भारत विरोधी एजेंडे को बढ़ावा

बांग्लादेश का सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच बनने वाले संभावित ‘मक्का रक्षा करार’ में शामिल होने का प्रयास भारत के सामरिक हितों के खिलाफ एक बड़ा कूटनीतिक गठजोड़ साबित हो सकता है। बांग्लादेश में पिछले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में खुले तुर्की कल्चरल सेंटर्स और छात्र कार्यक्रमों पर कट्टरपंथी संगठनों जैसे जमात-ए-इस्लामी और शिबिर के प्रभाव के दावे किए जा रहे हैं। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में भारत विरोधी भावनाओं और आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियां तेज हो सकती हैं। बोगुरा में ड्रोन फैक्ट्री के साथ-साथ नए एयरफोर्स बेस का निर्माण और एयरपोर्ट का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकास भविष्य में बांग्लादेश की सैन्य क्षमताओं को अचानक आक्रामक बढ़त दे सकता है, जिस पर भारतीय रक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त सतर्कता रखनी होगी। (Turkey Drone Plant in Bangladesh)

Back to top button
error: Content is protected !!