E100 Fuel Policy : अब पेट्रोल-डीजल से आजादी! 100% एथेनॉल से चलेंगी कार और बाइक, सरकार का बड़ा फैसला
E100 Fuel Policy : केंद्र सरकार ने देश में 100 फीसदी शुद्ध एथेनॉल को ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस फैसले से जुड़े सभी नियमों और रेगुलेशन को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाना और प्रदूषण कम करना है। (E100 Fuel Policy)
6 हफ्तों में बाजार में आएंगे एथेनॉल से चलने वाले वाहन
गडकरी ने बताया कि देश की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री इस बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि Toyota India, Maruti Suzuki, MG Motor India और Hyundai India जैसी कंपनियां अगले 6 हफ्तों के भीतर 100% एथेनॉल से चलने वाले नए मॉडल लॉन्च कर सकती हैं।
सस्ता ईंधन, घटेगा देश का इम्पोर्ट बिल
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक एथेनॉल पेट्रोल की तुलना में सस्ता और टिकाऊ विकल्प साबित हो सकता है। भारत वर्तमान में अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से क्रूड ऑयल आयात कर पूरा करता है। ऐसे में एथेनॉल आधारित ईंधन के बढ़ते उपयोग से आम लोगों को राहत मिलेगी और देश का भारी-भरकम आयात बिल कम होगा।
क्या है एथेनॉल और कैसे बनता है?
एथेनॉल एक प्रकार का अल्कोहल आधारित बायोफ्यूल है, जिसे स्टार्च और शुगर के फर्मेंटेशन से तैयार किया जाता है। इसका उत्पादन मुख्य रूप से गन्ने के रस, मक्का, आलू, कसावा और अन्य जैविक पदार्थों से किया जाता है।
इसके तीन प्रमुख प्रकार हैं-
• फर्स्ट जनरेशन एथेनॉल – गन्ना, मक्का, मीठा ज्वार, चुकंदर जैसे पदार्थों से तैयार
• सेकेंड जनरेशन एथेनॉल – चावल की भूसी, गेहूं की भूसी, बांस और बायोमास से तैयार
• थर्ड जनरेशन बायोफ्यूल – एलगी (शैवाल) से तैयार, जिस पर अभी रिसर्च जारी है।
सरकार का बायोफ्यूल पर बढ़ा फोकस
हाल ही में सरकार ने फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए E85 फ्यूल लॉन्च किया था। दिल्ली में इसकी कीमत 82.12 रुपए प्रति लीटर तय की गई, जो सामान्य E20 पेट्रोल से करीब 20 रुपए सस्ता है। E85 में 85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल का मिश्रण होता है।
सिर्फ खास वाहनों में होगा इस्तेमाल
100% एथेनॉल या E85 फ्यूल सामान्य पेट्रोल गाड़ियों में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। इसके लिए फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक वाले इंजन जरूरी होंगे।
इस सूची में प्रमुख वाहन-
• Maruti Suzuki WagonR Flex Fuel – भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार
• Hero MotoCorp की Splendor+ और HF Deluxe – जुलाई 2026 से कुछ राज्यों में बिक्री शुरू
• Suzuki Motorcycle India की Gixxer SF – हाई एथेनॉल फ्यूल सपोर्ट के साथ
ग्रीन एनर्जी की दिशा में बड़ा कदम
सरकार के इस फैसले को भारत में ग्रीन एनर्जी और बायोफ्यूल सेक्टर में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। इससे आने वाले समय में देश को पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण संरक्षण में बड़ी मदद मिल सकती है। (E100 Fuel Policy)
यह भी पढ़े :- बस्तर से होगी मानसून की एंट्री, पूरे प्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी जारी



