घरेलू विवाद में बेटे ने मां की पीट-पीटकर कर दी हत्या, गांव में फैली सनसनी
सक्ती। सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के बाद एक बेटे ने अपनी ही मां की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान तिहारिन बाई के रूप में हुई है, जो डभरा थाना क्षेत्र के भेड़िकोना गांव की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपनी मां के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के लोगों के मुताबिक घर से देर रात विवाद और चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं। कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया और गंभीर मारपीट के कारण महिला बुरी तरह घायल हो गई। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और इस वारदात से लोग स्तब्ध हैं।
यह भी पढ़े :- E100 Fuel Policy : अब पेट्रोल-डीजल से आजादी! 100% एथेनॉल से चलेंगी कार और बाइक, सरकार का बड़ा फैसला



