म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप से भारी तबाही, अब तक 150 से ज्यादा लोगों की मौत

Earthquake in Myanmar: म्यांमार में भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। दरअसल, शुक्रवार सुबह 11:50 बजे 7.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके भारत, थाईलैंड, बांग्लादेश और चीन समेत 5 देशों में महसूस किए गए, जिसके चलते म्यांमार और थाईलैंड में 150 से ज्यादा मौत हो गई है। अकेले म्यांमार में 144 लोगों की मौत दर्ज की गई है। जबकि 732 लोग घायल हुए हैं। वहीं थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में अंडर कंस्ट्रक्शन 30 मंजिला इमारत गिर गई, जहां 400 लोग काम कर रहे थे। इनमें से 80 लोग लापता बताए जा रहे हैं। जबकि 3 लोगों की मौत हो गई है।
यह भी पढ़ें:- नक्सलियों का कबूलनामा: इस साल 78 साथियों की जान गई, कहा- कोर जोन में फोर्स घुस रही
भूकंप के झटके महसूस होने के बाद 5 देशों के अलग-अलग इलाकों में सैकड़ों लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल गए। भारी तबाही के चलते थाईलैंड की प्रधानमंत्री पाइतोंग्तार्न शिनवात्रा ने इमरजेंसी घोषित कर दी है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक इस भूकंप से होने वाली मौतों की आशंका को रेड कैटेगरी में रखा है। इस कैटेगरी में 10 हजार से 1 लाख मौतें हो सकती है, जिसकी संभावना 34% यानी सबसे ज्यादा है। (Earthquake in Myanmar)
इन शहरों की आबादी 50 हजार से ज्यादा
भारत में कोलकाता, इंफाल, मेघालय और ईस्ट कार्गो हिल में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। बांग्लादेश में ढाका, चटगांव समेत कई हिस्सों में 7.3 तीव्रता के झटके आए। म्यांमार में 12 मिनट बाद फिर 6.4 तीव्रता का आफ्टरशॉक आया। भूकंप की वजह से म्यांमार में एतिहासिक शाही महल मांडले पैलेस के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं सागाइंग क्षेत्र के सागाइंग टाउनशिप में एक पुल पूरी तरह नष्ट हो गया। राजधानी नेपीता के अलावा क्यौकसे, प्यिन ऊ ल्विन और श्वेबो में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इन शहरों की आबादी 50 हजार से ज्यादा है। (Earthquake in Myanmar)
सैन्य सरकार ने की मदद की अपील
म्यांमार की सैन्य सरकार ने पहली बार भूकंप राहत कार्यों के लिए दुनियाभर से मदद की अपील की है। 2021 से काबिज सैन्य सरकार के दौर में 6.2 और 6.4 की तीव्रता वाले बड़े भूकंप आ चुके हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका भूकंप से प्रभावित म्यांमार की मदद करेगा। ट्रम्प ने कहा कि म्यांमार में जो हुआ वह भयानक है। हमने पहले ही वहां बात कर ली है। जल्द ही मदद पहुंचेगी। वहीं चीन ने म्यांमार में राहत कार्यों के लिए 37 सस्दयों की एक टीम भेजी है। इस टीम के पास भूकंप के चेतावनी देने वाला सिस्टम, ड्रोन समेत इमरजेंसी में बचाव के लिए जरूरी उपकरणों के 112 सेट हैं। (Earthquake in Myanmar)



