अफ्रीकी देशों में बढ़ा इबोला का खतरा, अहमदाबाद में होम आइसोलेशन में 11 लोग

Ebola Alert in India: अफ्रीकी देशों में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस को लेकर भारत में सतर्कता बढ़ा दी गई है। युगांडा, दक्षिण सूडान और कांगो जैसे देशों से गुजरात के अहमदाबाद पहुंचे 11 लोगों को एहतियातन होम आइसोलेशन में रखा गया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में इनमें से कोई भी व्यक्ति इबोला संक्रमित नहीं पाया गया है। अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अधिकारी डॉ. भाविन सोलंकी के मुताबिक सभी यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग की गई है और फिलहाल किसी में गंभीर लक्षण नहीं मिले हैं। बावजूद इसके सावधानी के तौर पर निगरानी जारी रखी गई है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में सरकारी जमीनों का कायाकल्प: खाली भूमि पर बनेगी रिडेव्हलपमेंट योजना, तैयार होगा डिजिटल लैंड बैंक
इधर, केंद्र सरकार ने बुधवार को साफ किया कि देश में इबोला वायरस का एक भी पुष्ट मामला सामने नहीं आया है। यह बयान उस समय जारी किया गया, जब युगांडा से भारत लौटी एक महिला में इबोला जैसे लक्षण दिखाई देने की खबर सामने आई थी। बताया गया कि महिला 23 मई को बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंची थी। उसके शरीर में हल्का दर्द और कमजोरी की शिकायत थी, जिसके बाद उसे एहतियातन सरकारी अस्पताल में आइसोलेशन में रखा गया। जांच के बाद उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। अफ्रीकी देश कांगो में इबोला वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। 24 अप्रैल को एक महिला की मौत के बाद संक्रमण तेजी से फैला और अब तक वहां 80 लोगों की जान जा चुकी है। 246 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया है।
भारत में अलर्ट, एयरपोर्ट्स पर बढ़ाई निगरानी
कांगो के स्वास्थ्य मंत्री सैमुअल-रोजर कंबा के मुताबिक पहला मामला एक नर्स का था जिसकी 24 अप्रैल को मौत हुई थी। संक्रमण अब इतुरी प्रांत के बुनीया, रवामपारा और मोंगवालू इलाकों तक फैल चुका है। विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार इबोला का ‘बुंडीबुग्यो स्ट्रेन’ सामने आया है, जबकि पहले कांगो में ज्यादातर ‘जायरे स्ट्रेन’ के मामले मिलते थे। इससे चिंता बढ़ गई है क्योंकि मौजूदा कई वैक्सीन और दवाएं जायरे स्ट्रेन को ध्यान में रखकर विकसित की गई थी। इबोला के बढ़ते खतरे को देखते हुए देश के कई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट्स पर निगरानी बढ़ा दी गई है। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित कई जगहों पर यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग की जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री JP नड्डा ने 25 मई को स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को सतर्क रहने और संदिग्ध मरीजों की तुरंत जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
क्या है इबोला वायरस ?
इबोला एक गंभीर और कई मामलों में जानलेवा वायरल बीमारी है। इसकी मृत्यु दर 25% से 90% तक हो सकती है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि मरीज को कितनी जल्दी इलाज मिलता है और वायरस का कौन-सा स्ट्रेन है। इबोला वायरस पहली बार वर्ष 1976 में अफ्रीका में सामने आया था। उस समय सूडान और तत्कालीन जायरे (अब डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो) में इसके मामले मिले थे। कांगो में जिस इलाके में यह वायरस मिला, वहां बहने वाली इबोला नदी के नाम पर इसका नाम रखा गया। (Ebola Alert in India)
कैसे फैलता है इबोला ?
इबोला वायरस संक्रमित व्यक्ति के शरीर से निकलने वाले तरल पदार्थों के संपर्क से फैलता है। इनमें खून, उल्टी, पसीना, लार, पेशाब और मल शामिल हैं। इसके अलावा संक्रमित कपड़े, बिस्तर, सुई या मेडिकल उपकरण छूने से भी संक्रमण हो सकता है। संक्रमित जंगली जानवरों के संपर्क और अंतिम संस्कार के दौरान शव को छूने से भी वायरस फैलने का खतरा रहता है। हालांकि यह फ्लू या कोविड-19 की तरह हवा के जरिए आसानी से नहीं फैलता। (Ebola Alert in India)
इबोला के प्रमुख लक्षण
शुरुआती लक्षण
- तेज बुखार
- तेज सिरदर्द
- कमजोरी और थकान
- मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द
- गले में खराश
गंभीर लक्षण
- पेट दर्द
- किडनी और लिवर पर असर
- त्वचा पर रैशेज
- अंदरूनी या बाहरी ब्लीडिंग
कैसे होती है जांच ?
इबोला वायरस की पुष्टि RT-PCR जैसे टेस्ट के जरिए की जाती है। शुरुआती दिनों में शरीर में वायरस की मात्रा कम होने पर दोबारा जांच की जरूरत पड़ सकती है। WHO के मुताबिक समय पर पहचान और इलाज मिलने पर मरीज के बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इबोला जैसे घातक वायरस को लेकर भारत में फिलहाल कोई भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है, लेकिन अफ्रीकी देशों में बढ़ते संक्रमण ने स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है। केंद्र और राज्य स्तर पर एयरपोर्ट स्क्रीनिंग, आइसोलेशन और निगरानी जैसी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते पहचान और सख्त एहतियात ही ऐसे संक्रमण को फैलने से रोक सकते हैं। इसी के चलते फिलहाल सभी संदिग्ध मामलों पर नजर रखी जा रही है और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच को और सख्त किया गया है।



