छत्तीसगढ़ में बढ़ती हिंसा, कहीं छात्रों पर जानलेवा हमला तो कहीं सड़क पर गैंगवार, जमीन विवाद में भी बहा खून

Crime in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बिलासपुर में ढाबे के बाहर छात्रों पर जानलेवा हमला, राजधानी रायपुर में गैंगवार और कबीरधाम में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष जैसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग जिलों में हुई इन घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं, वहीं पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे किनारे भवानी ढाबा के बाहर देर रात खाना खाने गए तीन छात्रों पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने छात्रों पर चाकू, बेल्ट, पाइप और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें:- अफ्रीकी देशों में बढ़ा इबोला का खतरा, अहमदाबाद में होम आइसोलेशन में 11 लोग
जानकारी के मुताबिक हर्ष पटेल अपने दोस्तों आदित्य मुदलियार और आदित्य साहू के साथ जोंकी और लोखंडी के बीच स्थित ढाबे में खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद जैसे ही तीनों वापस लौट रहे थे, वहां मौजूद कुछ युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी सुमित यादव अपने छह से सात साथियों के साथ मिलकर छात्रों पर टूट पड़ा। हमले में तीनों छात्रों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों पर पीड़ितों की सोने की चैन लूटने और मोबाइल फोन तोड़ने का भी आरोप है। घटना के बाद सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुमित यादव को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है। (Crime in Chhattisgarh)
रायपुर में दो पक्षों में खूनी झड़प
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वाले दो अन्य लोगों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं रायपुर में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडों के साथ चाकूबाजी भी हुई। विवाद में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई लोगों के सिर फूट गए।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत बाप-बेटे के बीच हुए झगड़े से हुई थी, जो बाद में दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष में बदल गया। घटना गंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर के कुशालपुर में बीच सड़क गैंगवार
राजधानी रायपुर के रिंग रोड नंबर-1 स्थित कुशालपुर इलाके में बीच सड़क गैंगवार का मामला सामने आया है। सड़क पर वाहन रोककर बदमाशों ने चाकू, फरसे और लात-घूंसों से हमला किया। स्कॉर्पियो सवार युवकों और बाइक सवार युवकों के बीच हुए इस गैंगवार से इलाके में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश खुलेआम हथियार लहराते नजर आए। भीड़ जमा होते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 12 BJ 6665 में युवक सवार थे। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। रायपुर में हुए गैंगवार मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत अमलेश्वर स्थित बैली फार्महाउस में आयोजित जन्मदिन पार्टी से हुई थी।
स्कार्पियो गैंग और एक्टिवा गैंग में झड़प
बताया जा रहा है कि आशु तिवारी की बर्थडे पार्टी के दौरान ‘शहर का डॉन कौन है’ इस बात को लेकर सचिन पोपटानी और आशीष नामक युवकों के बीच बहस हो गई थी। उस समय मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन बाद में विवाद गैंगवार में बदल गया। स्कार्पियो गैंग और एक्टिवा गैंग के बीच हुए इस खूनी संघर्ष में फरसे, चाकू और हॉकी डंडों का इस्तेमाल किया गया। दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फरसा जब्त कर लिया है। पुलिस ने एक्टिवा गैंग के लक्की पाहुजा, सचिन पोपटानी और दो नाबालिगों समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। वहीं स्कॉर्पियो गैंग के मिहिर भंसाली, इमरान समेत अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है। (Crime in Chhattisgarh)
कबीरधाम में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष
कबीरधाम जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघनपुरी हाथीडोब में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दो महिलाओं समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मारपीट के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर डॉयल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।



