Google Analytics —— Meta Pixel

देश के पांच राज्यों में चुनावी सरगर्मी तेज, पार्टियों ने शुरू की तैयारी, चुनाव आयोग ने की 1,111 पर्यवेक्षकों की तैनाती

Election in Five States: देश के पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई हैं। अलग-अलग राज्यों में प्रमुख दलों ने उम्मीदवारों की घोषणा, सीट बंटवारे और रणनीति पर काम तेज कर दिया है। वहीं चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। असम विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा के मुताबिक पार्टी 89 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) 26 सीटों पर और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के LPG के दुरुपयोग पर कार्रवाई तेज, 214 जगहों पर छापा, 1013 घरेलू सिलेंडर जब्त

पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक बुधवार को आयोजित होनी है, जिसके बाद देर रात या अगली सुबह उम्मीदवारों की सूची जारी होने की संभावना है। इसी बीच कांग्रेस को झटका देते हुए लोकसभा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, जिससे राज्य की सियासत में हलचल बढ़ गई है। केरल विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने तिरुवनंतपुरम से सामिन सत्यदास और एर्नाकुलम से मोसेस हेनरी मोथा को उम्मीदवार बनाया है।इससे पहले पार्टी 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। वहीं कांग्रेस और भाजपा भी अपने-अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं। (Election in Five States)

TMC ने 291 सीटों पर उम्मीदवार उतारे

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस यानी TMC ने 294 में से 291 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि 3 सीटें सहयोगी दल को दी गई हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भबानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी, जहां उनका मुकाबला भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से होगा। पिछले चुनाव में नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था। इस बार टीएमसी ने बड़े स्तर पर बदलाव करते हुए 74 विधायकों के टिकट काट दिए हैं और 15 सीटों पर उम्मीदवार बदले गए हैं। इसी बीच साउथ 24 परगना जिले में टिकट न मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कैनिंग पूर्व सीट से मौजूदा विधायक शौकत मोल्ला को टिकट न मिलने पर समर्थकों ने सड़क पर टायर जलाकर नारेबाजी की।

भारत निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव के साथ-साथ 6 राज्यों में होने वाले उपचुनावों के लिए 1,111 केंद्रीय पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि चुनाव हिंसा और प्रलोभन से मुक्त कराए जाएंगे, ताकि हर मतदाता बिना डर और पक्षपात के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। आयोग के अनुसार ये पर्यवेक्षक उसकी ‘आंख और कान’ के रूप में काम करेंगे और जमीनी स्तर पर चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।आयोग ने सभी पर्यवेक्षकों को 18 मार्च 2026 तक अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचने के निर्देश दिए हैं। वे अपने संपर्क विवरण सार्वजनिक करेंगे और रोजाना एक तय समय पर उम्मीदवारों, दलों और आम जनता की शिकायतें सुनेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!