RAIPUR NEWS : थाने के वाटर कूलर में दौड़ा करंट, पानी पीने गए युवक की मौत; बचाने वाला आरक्षक भी झुलसा
बिल्हा निवासी 32 वर्षीय युवक की गई जान, विद्युत विभाग की टीम ने शुरू की जांच

RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में आज शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। थाने के बाहर लगे वाटर कूलर में करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक को बचाने पहुंचे एक पुलिस आरक्षक भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गए। घायल आरक्षक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रमेश ठाकुर (32) के रूप में हुई है। वह बिल्हा, जिला बिलासपुर का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक रमेश किसी काम से विधानसभा थाना पहुंचा था। इसी दौरान वह थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर से पानी पीने गया।
वाटर कूलर छूते ही लगा करंट
बताया जा रहा है कि जैसे ही रमेश ने वाटर कूलर को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही गिर पड़ा। युवक को तड़पता देखकर थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग उसकी मदद के लिए दौड़े।
इसी दौरान युवक को बचाने पहुंचे आरक्षक गणेश भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गए। इसके बाद तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। बिजली बंद होने के बाद रमेश को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घायल आरक्षक अस्पताल में भर्ती
हादसे में झुलसे आरक्षक गणेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद थाना परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
CSEB की टीम ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं, हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर CSEB के अधिकारी और कर्मचारी भी विधानसभा थाना पहुंचे। टीम ने वाटर कूलर और उससे जुड़े विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है। विद्युत विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि वाटर कूलर में करंट कैसे आया और किस तकनीकी खामी के कारण यह हादसा हुआ। (RAIPUR NEWS)
प्रारंभिक जांच में वायरिंग फॉल्ट, तकनीकी खराबी और अर्थिंग की समस्या समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस और विद्युत विभाग की जांच जारी है। (RAIPUR NEWS)
यह भी पढ़े :- E-KYC की डेडलाइन खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ में करीब 6 लाख गैस कनेक्शन ब्लॉक, ऑनलाइन बुकिंग भी बंद



