सुकमा में मुठभेड़ जारी, DRG ने 3 नक्सलियों को किया ढेर

Sukma Naxal Encounter : सुकमा जिले के गोलापल्ली थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल-पहाड़ी इलाके में डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच आज बुधवार सुबह से भीषण मुठभेड़ जारी है। अब तक तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य के घायल होने की सूचना है। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद किए जाने की खबर भी सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर जिला पुलिस बल की डीआरजी टीम 18 दिसंबर की अल सुबह सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। अभियान के दौरान पहाड़ी इलाके में पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। समाचार लिखे जाने तक मुठभेड़ जारी है।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया है और अतिरिक्त बल तैनात कर ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। (Sukma Naxal Encounter)
सुकमा एसपी किरण चव्हाण स्वयं ऑपरेशन की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी है और हालात पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। (Sukma Naxal Encounter)



