मठ-मंदिरों की जमीन पर कब्जा और बिक्री बर्दाश्त नहीं, फर्जीवाड़े पर होगी कड़ी कार्रवाई: टंक राम वर्मा
रायपुर। मठ-मंदिरों और शासकीय जमीनों पर फर्जी तरीके से कब्जा कर उन्हें बेचने या अपने नाम पर दर्ज कराने की शिकायतों को लेकर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी तरह के फर्जीवाड़े को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- राजिम त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय
राजस्व मंत्री ने स्पष्ट किया कि मठ-मंदिरों की जमीनों पर अवैध कब्जा या बिक्री की शिकायत मिलते ही तत्काल जांच के आदेश दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रायपुर में हाल ही में ऐसे कई प्रकरण सामने आए हैं, जिनकी जांच शुरू कर दी गई है।
टंक राम वर्मा ने दो टूक कहा कि मठ-मंदिर या शासकीय जमीन को अपने नाम कर बेचने की कोशिश करना पूरी तरह गैरकानूनी है।
उन्होंने कहा, “धर्म-संस्कृति, धार्मिक संस्थानों और शासकीय संपत्ति की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
मंत्री के इस कड़े बयान से साफ संकेत मिलता है कि आने वाले समय में मठ-मंदिरों और शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है, और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।



