Google Analytics —— Meta Pixel

ट्रंप का अहंकार अमेरिका को मंदी की ओर ले जा रहा: टॉप ग्लोबल एनर्जी एक्सपर्ट डेविड गोल्डविन

Expert David Goldwyn: अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते व्यापार तनाव पर टॉप ग्लोबल एनर्जी और भू-राजनीतिक विशेषज्ञ डेविड गोल्डविन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भारत पर 50% टैरिफ लगाना अनुचित और खतरनाक है। गोल्डविन ने कहा कि यह राष्ट्रपति ट्रंप की दबंगई है। वह भारत पर दबाव डालना चाहते हैं, ताकि ज्यादा व्यापार रियायतें मिल सकें, लेकिन इस कदम से दशकों से बनी भारत-अमेरिका की भरोसे की नींव खतरे में है। यह 19वीं सदी की सोच है और अमेरिका की आर्थिक वृद्धि के लिए भी नुकसानदायक है। लगभग हर आर्थिक विश्लेषक अमेरिका में मंदी की आशंका जता रहा है, क्योंकि यह नीतियां महंगाई बढ़ा रही हैं।

यह भी पढ़ें:- भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता से खुलेगा असीम संभावनाओं का द्वार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

चीन पर अमेरिकी प्रशासन ने रूस से तेल आयात को लेकर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की, लेकिन भारत पर टैरिफ लगा दिया गया। इस पर गोल्डविन ने कहा कि यह दोहरे मापदंड हैं। ट्रंप समझते थे कि तेल का हथियार भारत पर काम करेगा, लेकिन वह गलत साबित हुए। भारत इतना कमजोर नहीं है। गोल्डविन के मुताबिक ट्रंप रूस पर कोई नए प्रतिबंध नहीं लगा रहे, बल्कि भारत और यूरोप जैसे सहयोगियों पर दबाव बना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया बेहद संतुलित रही है, जिसने तनाव को कम करने में मदद की है। भारत को अपनी संप्रभुता बनाए रखनी चाहिए और गंभीर व्यापार वार्ता जारी रखनी चाहिए। (Expert David Goldwyn)

पीटर नवारो पर बोला हमला

ट्रंप के ट्रेड एडवाइजर पीटर नवारो पर गोल्डविन ने कहा कि वह गंभीर व्यक्ति नहीं हैं, गलत जानकारी फैलाते हैं। वह सिर्फ टीवी पर आकर धमकाने जैसी बयानबाजी कर रहे हैं। जब तक नवारो को स्क्रीन से हटाया नहीं जाता, यह समझना मुश्किल है कि वार्ता गंभीर दिशा में बढ़ रही है या नहीं। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में टैरिफ का मुद्दा गया है। गोल्डविन ने कहा कि संभव है कि कोर्ट कहे कि राष्ट्रपति को इतने बड़े स्तर पर टैरिफ लगाने का अधिकार नहीं है, लेकिन अन्य प्रावधानों के जरिए टैरिफ लागू हो सकते हैं। इसलिए भारत को वार्ता जारी रखनी चाहिए और रिश्तों को रणनीतिक स्तर पर मजबूत करना जरूरी है। (Expert David Goldwyn)

ट्रंप की राजनीति और अहंकार

गोल्डविन ने कहा कि ट्रंप की राजनीति अहंकार से भरी है। उन्होंने भारत से समझौते में तेजी दिखाने के लिए दबाव डाला, लेकिन जब मनमुताबिक जवाब नहीं मिला तो और कठोर हो गए। वह दशकों से बने भरोसे को नजरअंदाज कर रहे हैं। यह रियल एस्टेट डील नहीं, देशों के रिश्ते हैं। गोल्डविन ने कहा कि यह साफ नहीं है कि भारत के साथ व्यापार समझौता रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ा होगा या नहीं, लेकिन भारत को अलग करके 25% टैरिफ लगाना गलत है। अमेरिका को बिना दबाव बनाए वार्ता करनी चाहिए। (Expert David Goldwyn)

तुर्की पर नरमी क्यों ?

गोल्डविन ने कहा कि तुर्की, हंगरी और स्लोवेनिया अब भी रूस से ऊर्जा आयात कर रहे हैं, फिर भी ट्रंप उन पर कठोर कार्रवाई नहीं कर रहे। यूरोप अब भी रूसी गैस खरीद रहा है और अमेरिका खुद रूसी यूरेनियम ले रहा है। असल सवाल यह है कि क्या यह सच में रूस पर दबाव बनाने की रणनीति है या सिर्फ व्यापार संतुलन की राजनीति ? डेविड गोल्डविन के मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियां अल्पकालिक लाभ के लिए हैं, लेकिन दीर्घकालिक रूप से यह अमेरिका और उसके सहयोगियों दोनों के लिए हानिकारक हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी संप्रभुता पर अडिग रहना चाहिए और बातचीत को रणनीतिक स्तर पर ले जाना चाहिए। (Expert David Goldwyn)

Back to top button
error: Content is protected !!