Google Analytics —— Meta Pixel

अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 मजदूरों की मौत, 15 घायल

Explosion in Firecracker Factory: गुजरात के अहमदाबाद में चल रहे अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ है, जिसमें आठ मजदूरों की मौत हो गई। जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शहर के वस्त्राल इलाके में रामोल-गटराड रोड स्थित महमूदपुरा टैलेंट के पास हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और फैक्ट्री का पूरा शेड मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 कर्मचारी काम कर रहे थे। धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। 

यह भी पढे़ं:- मोबाइल और डिजिटल एडिक्शन से बचें, मानव बुद्धि ही सर्वाेच्च है: राज्यपाल डेका

फैक्ट्री के पास ही रैपिड एक्शन फोर्स यानी RAF का कैंप होने के कारण जवान धमाके की आवाज सुनते ही तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान RAF के जवानों ने झुलसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई घायलों को खटिया पर लिटाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया। सभी घायलों को एलजी अस्पताल और असरवा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। (Explosion in Firecracker Factory)

लाइसेंस पहले ही हो चुका था रद्द

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री के शेड के लोहे के पतरे काफी दूर तक जा गिरे। आग की लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि रामोल-गटराड रोड स्थित खुले मैदान में मेहुल डोडिया नाम का व्यक्ति पटाखा निर्माण का काम कर रहा था। फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद अवैध रूप से पटाखों का निर्माण जारी था। फैक्ट्री में तिरपाल और पत्तों की अस्थायी घेराबंदी कर आतिशबाजी तैयार की जा रही थी। (Explosion in Firecracker Factory)

लाइसेंस रद्द होने के बाद भी कैसे चलती रही फैक्ट्री ?

शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री का लाइसेंस तो रद्द कर दिया गया था, लेकिन प्रशासन ने उसे सील नहीं किया और न ही वहां रखा विस्फोटक जब्त किया गया। नियमों के मुताबिक लाइसेंस निरस्त होने के बाद फैक्ट्री को तत्काल बंद कर सील किया जाना चाहिए था। इसी लापरवाही के चलते अवैध गतिविधियां जारी रहीं और इतना बड़ा हादसा हो गया। हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गृह मंत्रालय के नियमों के मुताबिक सैन्य और अर्धसैनिक बलों के कैंप के आसपास विस्फोटक या बारूद से जुड़े किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य की अनुमति नहीं होती। इसके बावजूद RAF कैंप के बेहद करीब यह अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित हो रही थी, जिससे किसी बड़े सुरक्षा खतरे की आशंका भी बनी हुई थी। (Explosion in Firecracker Factory)

पटाखा फैक्ट्री में क्यों होते हैं भीषण धमाके ?

विशेषज्ञों के मुताबिक पटाखों में पोटेशियम नाइट्रेट, सल्फर, चारकोल और एल्युमिनियम पाउडर जैसे अत्यंत ज्वलनशील रसायनों का उपयोग होता है। हल्की चिंगारी, अत्यधिक गर्मी या स्टैटिक बिजली भी इनमें आग लगा सकती है। एक बार आग लगने पर चेन रिएक्शन शुरू हो जाता है और कुछ ही सेकंड में बड़ी मात्रा में विस्फोट होने लगते हैं। यदि बारूद का भंडारण ज्यादा हो तो विस्फोट की तीव्रता घरेलू एलपीजी सिलेंडर के धमाके से भी ज्यादा हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

जांच शुरू, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तैयारी

पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि लाइसेंस रद्द होने के बावजूद फैक्ट्री कैसे संचालित होती रही और किस स्तर पर लापरवाही हुई। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अहमदाबाद का यह हादसा कई गंभीर सवाल छोड़ गया है। लाइसेंस रद्द होने के बावजूद अवैध पटाखा फैक्ट्री का संचालन, सुरक्षा नियमों की अनदेखी और RAF कैंप के पास विस्फोटक सामग्री का निर्माण से जुड़े बिंदुओं की जांच शुरू हो चुकी है। प्रशासन ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, जबकि मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों और जिम्मेदारों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!