Google Analytics —— Meta Pixel

कर्ज में डूबे पति-पत्नी ने यूट्यूब से सीखा नकली नोट छापना, साप्ताहिक बाजार में पकड़े गए दोनों

Fake Notes in Durg: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में यूट्यूब से नकली नोट छापने का तरीका सीखकर साप्ताहिक बाजार में जाली नोट खपाने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी 500, 200 और 100 रुपए के नकली नोटों से छोटे व्यापारियों को निशाना बना रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपए के नकली नोट, कलर फोटो कॉपी प्रिंटर और अन्य सामान जब्त किए हैं।

यह भी पढ़ें:- सरकारी जमीन की अवैध बिक्री, कई परिवारों की जमा-पूंजी डूबी, 67 लाख की ठगी उजागर

मामला रानीतराई थाना क्षेत्र का है। 29 दिसंबर 2025 को रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की सूचना व्यापारियों ने पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बाजार पहुंची और संदिग्धों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस ने अरुण कुमार तुरंग (50) और उसकी पत्नी राखी तुरंग (40) को बाजार में ही पकड़ लिया। धमतरी के सिलपट के रहने वाले सब्जी विक्रेता तुलेश्वर सोनकर ने रानीतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि शाम करीब 5:30 बजे एक पुरुष और महिला ने उससे 60 रुपए की सब्जी खरीदी और बदले में 500 रुपए का नोट दिया। कुछ समय बाद अन्य व्यापारियों ने बाजार में नकली नोट चलने की सूचना दी। जब तुलेश्वर ने अपने गल्ले में रखे नोट की जांच की तो वह देखने और छूने में ही नकली प्रतीत हुआ। नोट का नंबर 9EP143736 भी संदिग्ध पाया गया।

कर्ज से परेशान होकर चुना अपराध का रास्ता

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भारी कर्ज में डूबे हुए थे और लगातार आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। इसी दौरान अरुण तुरंग ने यूट्यूब पर नकली नोट छापने से जुड़े वीडियो देखे, जिससे उसे जाली नोट छापने का आइडिया मिला। इसके बाद दोनों ने मिलकर ऑनलाइन कलर फोटो कॉपी मशीन और जरूरी सामान खरीदा और बॉन्ड पेपर पर नकली नोट छापने लगे। आरोपियों ने बताया कि नकली नोटों की प्रिंट क्वालिटी ज्यादा अच्छी नहीं थी, इसलिए वे रात के समय गांव और साप्ताहिक बाजारों में ही नोट चलाते थे। किसी को शक न हो, इसके लिए नोटों पर मिट्टी लगाकर उन्हें पुराने और चलन के नोट जैसा बना देते थे। उन्होंने रानीतराई के अलावा पाटन साप्ताहिक बाजार में भी कई व्यापारियों को नकली नोट थमाने की बात स्वीकार की है।

कई व्यापारियों के पास मिले नकली नोट

जांच के दौरान रानीतराई बाजार के कई व्यापारियों के पास भी नकली नोट मिले। इनमें भावेश देवागंन (कौही), आदोराम बेलवाकुदा, दीपक साहू, संतोष देवागंन (असोगा), शीतल यादव (डिधारी), चंद्रिका बाई (खपरी), रोहित सोनकर (सब्जी मंडी) और भूपेन्द्र पटेल (खपरी) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के रायपुर जिले के सोनपैरी गांव के मुजगहन स्थित घर की तलाशी ली। वहां से कलर फोटो कॉपी मशीन, पेपर और 1 लाख 65 हजार 300 रुपए के नकली नोट बरामद किए। बाजार में चलाने के लिए आरोपियों के पास मौजूद 5,200 रुपए को मिलाकर कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपए के नकली नोट जब्त किए गए हैं। (Fake Notes in Durg)

एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि आरोपियों ने यूट्यूब देखकर नकली नोट छापने का तरीका सीखा था। ऑनलाइन मंगवाई गई मशीन से वे जाली नोट छाप रहे थे। बाजार में सतर्कता के कारण उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मामले की गहन जांच जारी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने और किन-किन बाजारों में नकली नोट खपाए हैं और क्या इस गिरोह से कोई अन्य व्यक्ति भी जुड़ा हुआ है। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नोट की तुरंत जांच करें और नकली नोट मिलने पर बिना देरी पुलिस को सूचना दें। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उनके नेटवर्क और इस्तेमाल की गई मशीनों की तकनीकी जांच कर रही है। इस मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर गलत जानकारी और अपराध से जुड़े कंटेंट कितना बड़ा खतरा बन सकते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!