Google Analytics —— Meta Pixel

काली पूजा में बलि चढ़े बकरे को काट चुका था पागल कुत्ता, मांस खाने के बाद ग्रामीणों में दहशत

Sarganwa Village of Ambikapur: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिला मुख्यालय से लगे सरगंवा ग्राम पंचायत में काली पूजा के दौरान बलि चढ़ाए गए एक बकरे को लेकर रेबीज संक्रमण की आशंका से गांव में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस बकरे की बलि दी गई थी, उसे पहले एक पागल कुत्ते ने काट लिया था। इसी बकरे का मांस प्रसाद के रूप में पकाकर करीब 400 ग्रामीणों ने सेवन किया, जिसके बाद गांव में डर और चिंता फैल गई है।

यह भी पढ़ें:- कर्ज में डूबे पति-पत्नी ने यूट्यूब से सीखा नकली नोट छापना, साप्ताहिक बाजार में पकड़े गए दोनों

ग्रामीणों के मुताबिक सरगंवा गांव में हर तीन से पांच साल में परंपरागत रूप से काली पूजा का आयोजन किया जाता है। इस साल यह पूजा 28 दिसंबर को संपन्न हुई। पूजा में गांव के 400 से ज्यादा ग्रामीण शामिल हुए। परंपरा के मुताबिक देवी-देवताओं को प्रसन्न करने के लिए 12 से 15 बकरों की बलि दी गई और बाद में उनका मांस गांव में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि बलि दिए गए बकरों में से एक बकरे को पूजा से पहले ही एक पागल कुत्ते ने काट लिया था। यह बकरा गांव के ही नान्हू राजवाड़े से खरीदा गया था। इसके बावजूद उस बकरे की भी बलि दे दी गई और उसका मांस प्रसाद के रूप में बांट दिया गया।

प्रसाद के रूप में मांस खाने वाले अधिकांश लोग पुरुष थे, क्योंकि परंपरा के मुताबिक यह प्रसाद सिर्फ पुरुषों को ही दिया जाता है। जब यह जानकारी गांव में फैली कि जिस बकरे का मांस खाया गया है, उसे रेबीज संक्रमित कुत्ते ने काटा था, तब से ग्रामीणों में डर का माहौल है। कई लोग अपने स्तर पर इलाज करा रहे हैं, जबकि अधिकांश ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में जांच शिविर लगाने की मांग की है। (Sarganwa Village of Ambikapur)

पका मांस खाने से खतरा नहीं: पशु चिकित्सक

इस मामले पर जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. शुक्ला और पशु चिकित्सक डॉ. चंदू मिश्रा ने बताया कि रेबीज आमतौर पर संक्रमित जानवर की लार के सीधे संपर्क या काटने से फैलता है। उन्होंने कहा कि अगर मांस को 50 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान पर अच्छी तरह पकाया गया हो तो रेबीज वायरस जीवित नहीं रहता और संक्रमण की संभावना नहीं होती है। हालांकि एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य जांच जरूरी है। (Sarganwa Village of Ambikapur)

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, लगेगा जांच शिविर

मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। CMHO डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि पंचायत के सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीण अधिकारियों से चर्चा की गई है। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 31 दिसंबर 2025 को यानी आज से सरगंवा गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर जांच किया जा रहा है। बता दें कि रेबीज एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है। (Sarganwa Village of Ambikapur)

रेबीज के प्रारंभिक लक्षण

  • बुखार
  • सिरदर्द
  • कमजोरी और थकान

रेबीज के गंभीर लक्षण

  • अत्यधिक बेचैनी और घबराहट
  • पानी से डर (Hydrophobia)
  • हवा से डर (Aerophobia)
  • ज्यादा लार आना
  • निगलने में कठिनाई
  • मांसपेशियों में ऐंठन
  • भ्रम और आक्रामक व्यवहार
Back to top button
error: Content is protected !!