Google Analytics —— Meta Pixel

फर्जी सिम से सावधान, 3 साल की जेल और 50 लाख तक जुर्माना, ऐसे करें अपने नाम पर जारी मोबाइल नंबरों की जांच

Fake SIM Fraud Alert: मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल आज लगभग हर व्यक्ति की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है, लेकिन इसी के साथ सिम कार्ड और मोबाइल डिवाइस की पहचान से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले भी सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए दूरसंचार विभाग ने लोगों को फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी करने, दूरसंचार पहचान से जुड़ी चीजों का गलत इस्तेमाल करने और मोबाइल के IMEI नंबर से छेड़छाड़ करने को लेकर आगाह किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर तीन साल तक की जेल और 50 लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है। इसलिए लोगों को अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शन और मोबाइल हैंडसेट की नियमित जांच करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें:- आपके नाम पर कोई और तो नहीं चला रहा SIM ? छत्तीसगढ़ में हैरान करने वाला खुलासा

दूरसंचार विभाग के मध्य प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र ने फर्जी तरीके से सिम जारी किए जाने के खिलाफ कार्रवाई की है। हाल ही में हुई साइबर अपराध जांच के दौरान छत्तीसगढ़ में एक Point of Sale (POS) एजेंट के जरिए लोगों की जानकारी या सहमति के बिना उनके पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल कर 25 मोबाइल कनेक्शन अवैध तरीके से सक्रिय किए जाने का मामला सामने आया। मामला सामने आने के बाद दूरसंचार विभाग और संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाताओं ने कार्रवाई की। संबंधित POS एजेंट को तत्काल ब्लैकलिस्ट कर दिया गया और भविष्य में उसके जरिए मोबाइल कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा दी गई। इन 25 मोबाइल नंबरों की डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के जरिए जांच की गई। जांच में संदिग्ध पाए गए कनेक्शनों का दोबारा सत्यापन कराया गया, जिन नंबरों का फिर सत्यापन नहीं हो सका, उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया। (Fake SIM Fraud Alert)

अपने नाम पर जारी सिम किसी और को न दें

दूरसंचार विभाग ने लोगों को खास तौर पर चेतावनी दी है कि वे अपने नाम पर जारी सिम कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति को न दें और न ही उसे बेचें या स्थायी रूप से किसी और को इस्तेमाल करने के लिए सौंपें। किसी व्यक्ति के नाम पर जारी सिम का इस्तेमाल अगर साइबर फ्रॉड या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में होता है, तो मूल ग्राहक के लिए भी कानूनी परेशानी खड़ी हो सकती है। यानी अगर आपके नाम पर सिम है और वह किसी दूसरे व्यक्ति के पास इस्तेमाल हो रहा है, तो उस सिम के दुरुपयोग की स्थिति में आपसे भी पूछताछ हो सकती है। सिर्फ सिम कार्ड ही नहीं, बल्कि मोबाइल फोन की पहचान से जुड़े IMEI नंबर के साथ छेड़छाड़ को लेकर भी सरकार ने सख्त प्रावधान किए हैं। IMEI यानी International Mobile Equipment Identity मोबाइल हैंडसेट की एक विशिष्ट पहचान संख्या होती है। दूरसंचार विभाग ने लोगों को ऐसे मॉडेम, मॉड्यूल, SIM बॉक्स या अन्य उपकरणों के इस्तेमाल, खरीद या असेंबल करने से बचने को कहा है, जिनके IMEI नंबर को बदला या छेड़छाड़ किया जा सकता है। छेड़छाड़ किए गए IMEI नंबर वाले डिवाइस का इस्तेमाल भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

इन कामों से बचने की सलाह

दूरसंचार विभाग ने लोगों को कई तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी है। इनमें फर्जी या जाली दस्तावेजों के जरिए सिम कार्ड हासिल करना। अपने नाम पर जारी सिम किसी दूसरे व्यक्ति को देना, बेचना या ट्रांसफर करना। अपने नाम पर सिम लेकर उसे किराए पर देना या किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए देना। ऐसे सिम का इस्तेमाल होने देना, जिसका उपयोग साइबर फ्रॉड या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में किया जा सकता है। मोबाइल ऐप, वेबसाइट या किसी अन्य माध्यम से Calling Line Identity या अन्य दूरसंचार पहचान में बदलाव करना। ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल करना जिनके IMEI नंबर से छेड़छाड़ की गई हो। ऐसे मॉडेम, मॉड्यूल या SIM बॉक्स का इस्तेमाल करना, जिनमें IMEI बदलने की सुविधा शामिल हैं। दूरसंचार विभाग के मुताबिक फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी करना, दूरसंचार पहचान से जुड़ी चीजों का दुरुपयोग करना या IMEI नंबर में छेड़छाड़ करना दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे उल्लंघनों में दोषी पाए जाने पर तीन साल तक की कैद और 50 लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है।

कैसे पता करें आपके नाम पर कितने सिम चल रहे हैं ?

सरकार का कहना है कि इन कानूनी प्रावधानों का उद्देश्य दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को रोकना, साइबर धोखाधड़ी से नागरिकों की सुरक्षा करना और देश के दूरसंचार नेटवर्क को सुरक्षित बनाए रखना है। अगर आपको यह जानकारी नहीं है कि आपके नाम पर कितने मोबाइल नंबर जारी हैं तो आप संचार साथी पोर्टल की मदद ले सकते हैं। इसके जरिए नागरिक अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी देख सकते हैं। अगर सूची में ऐसा कोई मोबाइल नंबर दिखाई देता है जिसे आपने जारी नहीं कराया है या जिसकी अब आपको जरूरत नहीं है, तो उसे रिपोर्ट या ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। इसके लिए नागरिक संचार साथी पोर्टल पर जाकर उपलब्ध सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसका मोबाइल ऐप भी उपलब्ध है। संचार साथी के जरिए मोबाइल हैंडसेट की प्रामाणिकता की भी जांच की जा सकती है। इसमें मोबाइल के IMEI नंबर से जुड़ी जानकारी की पुष्टि की जा सकती है। जांच के दौरान डिवाइस का ब्रांड नाम, मॉडल नाम और निर्माता जैसी जानकारी देखी जा सकती है। इससे यह पता लगाने में मदद मिलती है कि मोबाइल डिवाइस की पहचान से जुड़ी जानकारी सही है या नहीं। इसलिए नया या पुराना मोबाइल खरीदते समय भी IMEI की जांच करना उपयोगी है।

क्यों जरूरी है सावधानी ?

देश में मोबाइल कनेक्टिविटी और डिजिटल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। ऐसे में सिम कार्ड और मोबाइल डिवाइस की पहचान से जुड़े संसाधनों का गलत इस्तेमाल साइबर अपराधों में किया जा सकता है। फर्जी तरीके से जारी सिम का इस्तेमाल अगर किसी अपराध में किया जाता है तो जांच एजेंसियों के लिए उस मोबाइल कनेक्शन से जुड़े वास्तविक ग्राहक तक पहुंचना महत्वपूर्ण हो जाता है। ऐसे में नागरिकों के लिए यह जानना जरूरी है कि उनके नाम पर कौन-कौन से मोबाइल नंबर सक्रिय हैं। दूरसंचार विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल कनेक्शन और हैंडसेट की जानकारी समय-समय पर जांचते रहें और किसी भी संदिग्ध नंबर या गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित माध्यम से रिपोर्ट करें। संचार साथी पोर्टल: www.sancharsaathi.gov.in पर भी शिकायत कर सकते हैं। सरकार का संदेश साफ है अपने नाम का सिम किसी और को न दें, IMEI से छेड़छाड़ वाले डिवाइस से बचें और समय-समय पर अपने नाम पर जारी मोबाइल नंबरों की जांच जरूर करें। (Fake SIM Fraud Alert)

Back to top button
error: Content is protected !!