Google Analytics —— Meta Pixel

मॉस्को पर हमले के बाद भड़का रूस, पुतिन का कीव पर ताबड़तोड़ पलटवार, यूरोप को परमाणु चेतावनी

Russia Attack on Ukraine: रूस और यूक्रेन का जंगी मोर्चा एक बार फिर से बेहद खतरनाक और निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। सितंबर महीने में यूक्रेन के रूस की राजधानी मॉस्को को लगातार निशाना बनाए जाने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। रूस ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार यह युद्ध यूक्रेन के मुकम्मल खात्मे के साथ ही थमेगा। हालांकि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूरोपीय देशों से सीधी दुश्मनी न मोल लेने की बात कही है, लेकिन नाटो और अमेरिका की मदद से यूक्रेन के लगातार आक्रामक तेवर ने रूसी सेना को आर-पार के मूड में ला दिया है। 19 सितंबर की रात यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के एक सीधे आदेश के बाद मॉस्को का आसमान दहल उठा। यूक्रेन ने रूस की राजधानी पर एक साथ 1600 ड्रोन झोंक दिए।

यह भी पढ़ें:- फर्जी सिम से सावधान, 3 साल की जेल और 50 लाख तक जुर्माना, ऐसे करें अपने नाम पर जारी मोबाइल नंबरों की जांच

यूक्रेनी हमलों ने मॉस्को की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया, जिससे वहां भीषण आग लग गई और मॉस्को में गहराता ईंधन संकट पैदा हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस रिफाइनरी से शहर की 40% ईंधन सप्लाई होती थी। हालांकि रूस के एयर डिफेंस सिस्टम ने अधिकांश ड्रोन्स को हवा में ही मार गिराया, लेकिन दो मुख्य ठिकानों रिफाइनरी और एक सैन्य लॉजिस्टिक बेस को बचाने में वे नाकाम रहे। इन हमलों के बाद मची अफरा-तफरी और भीषण आग की चपेट में आने से करीब एक दर्जन लोगों की मौत हो गई। हमले के तुरंत बाद जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए इस बड़े नुकसान को सार्वजनिक किया और अपनी सफलता का दावा किया। (Russia Attack on Ukraine)

पुतिन का पलटवार, कीव पर मिसाइल प्रहार

मॉस्को पर हुए इस भीषण हमले से बौखलाए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तुरंत कड़ा बदला लेने का आदेश दिया। रूसी सैन्य बेस से फाइटर जेट्स और मिसाइलों का बड़ा बेड़ा यूक्रेन की तरफ रवाना हुआ। रूसी बदले के पहले चरण के तहत यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा मिसाइल और ड्रोन अटैक किया गया। कीव के एक बड़े एयरफोर्स बेस और लॉजिस्टिक गोदाम को रूसी हमलों ने पूरी तरह तबाह कर दिया, जिससे वहां धुएं का गुबार उठ गया। इस जवाबी कार्रवाई में चार लोगों के मारे जाने की खबर है। कीव पर ताबड़तोड़ हमलों के बीच राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूरोप और नाटो देशों को एक सख्त संदेश दिया है। पुतिन ने कहा कि NATO की तरफ से खतरा लगातार बढ़ रहा है। यूरोप के खिलाफ हमारा कोई जंग का इरादा नहीं है, हम अच्छे रिश्ते चाहते हैं, लेकिन यूक्रेनी लीडरशिप हमें उकसा रही है। यूक्रेन को लेकर यूरोप की पॉलिसी रूसी हितों के खिलाफ है। अब अपनी परमाणु क्षमता का इस्तेमाल हमारी प्राथमिकता बनता जा रहा है।

क्या रूसी बदले से डर गए हैं जेलेंस्की ?

रूस के इस आक्रामक रुख को देखते हुए यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के तेवर नरम पड़ते नजर आ रहे हैं। कीव पर हुए भीषण हमलों के बाद जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की है और युद्धविराम की वकालत की है। जेलेंस्की ने ऐलान किया है कि अगले हफ्ते न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र के दौरान उनकी डोनाल्ड ट्रंप से अहम मुलाकात होगी। जेलेंस्की का कहना है कि रूस के साथ पिछले साढ़े चार साल से चल रहे इस विनाशकारी युद्ध को खत्म करने के लिए यह मुलाकात बेहद अहम है। इसमें ऊर्जा, भोजन और आम नागरिकों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। कूटनीतिक स्तर पर बातचीत की कोशिशों के बीच यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि जब डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही यह स्पष्ट किया था कि दोनों देश एक-दूसरे के ऊर्जा और तेल ठिकानों को निशाना नहीं बनाएंगे तो फिर जेलेंस्की ने मॉस्को की सबसे बड़ी रिफाइनरी पर हमले का आदेश क्यों दिया ?

क्या यह हमला रूस में चल रही चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने के लिए था ? रूस ने किसी भी तरह के नरमी के संकेत देने से इनकार कर दिया है। यूक्रेन पर रूसी सेना का तांडव जारी है, जो पिछले साढ़े चार साल के युद्ध का सबसे खतरनाक और भयानक अध्याय साबित हो सकता है। मॉस्को पर हुए इस बड़े ड्रोन हमले और उसके बाद रूस के पलटवार ने साफ कर दिया है कि यह युद्ध अब एक बेहद खतरनाक मोड़ पर आ चुका है। पुतिन की परमाणु चेतावनी और कीव पर लगातार हो रहे हमलों के बीच आने वाले दिनों में कूटनीतिक हल निकलना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। अब सबकी निगाहें न्यूयॉर्क में होने वाली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की की मुलाकात पर टिकी हैं कि क्या यह बैठक युद्ध के मैदान को शांत कर पाएगी या संघर्ष और अधिक भयानक रूप लेगा। (Russia Attack on Ukraine)

Back to top button
error: Content is protected !!