Google Analytics —— Meta Pixel

मिडिल ईस्ट में महायुद्ध की आहट, ईरान ने लागू किया ‘कोड-100’ अलर्ट, अमेरिका और इजरायल की बढ़ी टेंशन

Iran Implemented Code 100: मिडिल ईस्ट में एक बार फिर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि ईरान ने पिछले 6 महीनों की जंग में पहली बार अपना सबसे बड़ा वॉर अलर्ट ‘कोड-100’ लागू कर दिया है। अमेरिका और इजरायल को आशंका है कि ईरान किसी बड़े पलटवार की तैयारी में है, वहीं ईरान को भी अंदेशा है कि इस बार अमेरिकी सेना एक बड़े और निर्णायक हमले की योजना बना रही है। ईरान का ‘कोड-100’ कोई आम सैन्य चेतावनी नहीं है। इसके लागू होने का सीधा मतलब है कि ईरानी सेना, होर्मुज जलडमरूमध्य से लेकर दक्षिणी तट तक पूरी तरह मोर्चाबंद हो चुकी है।

यह भी पढ़ें:- मॉस्को पर हमले के बाद भड़का रूस, पुतिन का कीव पर ताबड़तोड़ पलटवार, यूरोप को परमाणु चेतावनी

सैनिकों को किसी भी संभावित बड़े हमले या जवाबी कार्रवाई का तुरंत और आक्रामक जवाब देने के लिए तैयार रहने के आदेश दिए गए हैं। ईरानी नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि अगर अमेरिका और इजरायल ने हमला किया, तो ईरान अपनी सबसे बड़ी मिसाइलों और ‘स्वार्म ड्रोन’ के जरिए चौतरफा पलटवार करेगा। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच पश्चिमी देशों की तरफ से भी बड़े रणनीतिक कदम उठाए गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपनी मैरीलैंड स्थित ‘कैंप डेविड’ की छुट्टी बीच में ही रद्द कर तुरंत व्हाइट हाउस लौट आए हैं। व्हाइट हाउस पहुंचते ही ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक बुलाई। इसी दौरान ब्रिटेन स्थित अमेरिकी एयरबेस से घातक B-1B Lancer बॉम्बर्स की उड़ान भरते देखा गया। (Iran Implemented Code 100)

बीच में छूटा नेतन्याहू का दौरा

जिस समय यह तनाव अपने उफान पर था, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू वाशिंगटन में ही मौजूद थे। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपनी यात्रा बीच में ही रद्द कर दी और तुरंत इजरायल वापस लौट गए। एहतियात के तौर पर अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में स्थित अपने सभी दूतावासों के लिए विशेष सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया है। सैन्य विशेषज्ञों के मुताबिक B-1B बॉम्बर कोई साधारण फाइटर जेट नहीं है। इसे ‘द बोन’ के नाम से भी जाना जाता है। यह रडार की नजरों से बचकर दुश्मन की सीमा में घुसपैठ करने में सक्षम है। यह एक ही बार में हजारों किलोग्राम के बंकर बस्टर बम गिराकर पहाड़ों और जमीनों के अंदर छिपे मिसाइल डिपो को मलबे में तब्दील कर सकता है। इन विमानों की तैनाती इस बात का संकेत है कि अमेरिका इस बार सिर्फ चेतावनी के मूड में नहीं है। (Iran Implemented Code 100)

ईरान की शर्तें और आर-पार का मूड

ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसिन रेजाई ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि तेहरान अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अगले कदम का इंतजार कर रहा है। ईरान ने मध्यस्थ देश कतर के माध्यम से अपनी शर्तें वॉशिंगटन तक पहुंचा दी हैं। ईरान की शर्तों में सभी मोर्चों पर तुरंत युद्ध खत्म करना, विदेशों में जमे ईरानी धन को बहाल करना और नौसैनिक नाकाबंदी को पूरी तरह समाप्त करना शामिल है। ईरान ने साफ कर दिया है कि ट्रंप की धमकियों का कोई असर नहीं होने वाला। यदि अमेरिका ने हमला किया, तो खाड़ी से लेकर ओमान की खाड़ी और अरब सागर तक फैले अमेरिकी नौसैनिक ठिकानों, कारोबारी हितों और वहां सक्रिय अमेरिकी कंपनियों को बड़े पैमाने पर निशाना बनाया जाएगा। मिडिल ईस्ट के मौजूदा घटनाक्रम को देखते हुए आने वाले कुछ दिन वैश्विक शांति के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं। क्या कतर के माध्यम से हो रही कूटनीति इस महायुद्ध को टाल पाएगी या दुनिया एक नए और भीषण संघर्ष की गवाह बनेगी? इस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!