आपके नाम पर कोई और तो नहीं चला रहा SIM ? छत्तीसगढ़ में हैरान करने वाला खुलासा

Fake SIM Network Exposed: आपके दस्तावेज आपके पास हैं, लेकिन उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आपके नाम पर कोई और मोबाइल SIM चल रहा हो तो? छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध की जांच के दौरान ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक प्वाइंट ऑफ सेल (POS) एजेंट ने लोगों की जानकारी और सहमति के बिना उनके पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल कर 25 मोबाइल कनेक्शन एक्टिवेट कर दिए। मामला सामने आने के बाद दूरसंचार विभाग और संबंधित टेलीकॉम कंपनियों ने कार्रवाई की। संबंधित POS एजेंट को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया और उसके जरिए आगे मोबाइल कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा दी गई। इसके बाद इन 25 नंबरों की डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर जांच की गई। संदिग्ध नंबरों का दोबारा सत्यापन कराया गया और जो नंबर सत्यापन में फेल हुए, उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला ?
साइबर अपराध की जांच के दौरान दूरसंचार विभाग के सामने ऐसे मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी आई, जिन्हें नागरिकों के पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करके उनकी जानकारी या सहमति के बिना एक्टिवेट किया गया था। जांच में छत्तीसगढ़ के एक POS एजेंट से जुड़े 25 मोबाइल कनेक्शन सामने आए। यानी जिन लोगों के दस्तावेज इस्तेमाल हुए, उन्हें इन नंबरों के बारे में जानकारी तक नहीं थी। मामला सामने आते ही दूरसंचार विभाग और टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स ने संबंधित POS एजेंट को ब्लैकलिस्ट कर दिया। इसके बाद उसके जरिए नए SIM जारी करने पर रोक लगा दी गई। इसके साथ ही 25 मोबाइल कनेक्शनों की डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर जांच हुई। संदिग्ध नंबरों का दोबारा KYC और सत्यापन कराया गया। जिन नंबरों का सत्यापन नहीं हो सका, उन्हें डीएक्टिवेट कर दिया गया। (Fake SIM Network Exposed)
यह भी पढ़ें:- कम बारिश के बीच भी बाढ़ का कहर, केरल में 5 मौतें, यूपी में 3 बच्चों की जान गई, गुजरात में डूबी सड़कें
किसी व्यक्ति के नाम पर उसकी जानकारी के बिना SIM जारी होना गंभीर चिंता का विषय है, क्योंकि ऐसे मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल आगे साइबर ठगी या दूसरी गैरकानूनी गतिविधियों में किया जा सकता है। इसी वजह से दूरसंचार विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे यह जरूर जांचें कि उनके नाम पर कितने मोबाइल नंबर एक्टिव हैं। इसके लिए सरकार के संचार साथी पोर्टल पर अपने नाम से जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी देखी जा सकती है और ऐसे नंबरों की रिपोर्ट की जा सकती है, जिन्हें संबंधित व्यक्ति ने जारी नहीं कराया है। दूरसंचार विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि फर्जी तरीके से SIM जारी करना, दूरसंचार पहचान का दुरुपयोग करना और IMEI नंबर से छेड़छाड़ करना दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत दंडनीय है। ऐसे उल्लंघनों में तीन साल तक की कैद और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। यानी छत्तीसगढ़ में सामने आया यह मामला सिर्फ 25 SIM का नहीं है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा करता है कि कहीं आपके नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल करके कोई ऐसा मोबाइल नंबर तो एक्टिवेट नहीं है, जिसकी आपको जानकारी ही नहीं है।



