Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर के शादीशुदा प्रेमी ने कोरबा में प्रेमिका का रेता गला, फिर खुद की ली जान

Fight Between Lovers: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत संडैल नाला के पास एक शादीशुदा शख्स ने अपनी प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसका गला रेत दिया। इसके बाद युवक ने उसी चाकू से खुद का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। पुल के नीचे खून से लथपथ हालत में लड़का और लड़की पड़े मिले। गंभीर रूप से घायल युवती ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी और अपने परिजनों को वीडियो कॉल के जरिए घटना की जानकारी और लोकेशन भेजी।

यह भी पढ़ें:- रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह आज

सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवती की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल युवती का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान शुभम नायडू (28) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र का निवासी था। शुभम शादीशुदा था और उसकी एक बच्ची भी है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। वहीं घायल युवती की पहचान निशा उर्फ प्रतीक्षा (22) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर की ही रहने वाली है। (Fight Between Lovers)

बस से पहुंचे थे कोरबा, विवाद के बाद वारदात

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मंगलवार शाम से लापता थे। युवती के परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना पहले ही पुलिस को दे दी थी और उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच दोनों बस से बिलासपुर से कोरबा पहुंचे और संडैल नाला के पास किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान शुभम ने चाकू से निशा के गले पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। इसके बाद शुभम ने खुद भी उसी चाकू से अपना गला काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल अवस्था में पड़ी युवती ने किसी तरह 112 पर कॉल किया और अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर इशारों में पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ASP लखन पटले ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत होता है। युवती ने इशारों में बताया है कि शुभम ने पहले उस पर हमला किया और फिर खुद का गला काट लिया। सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रेम प्रसंग, शादीशुदा शख्स और आत्मघाती कदम को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। (Fight Between Lovers)

Back to top button
error: Content is protected !!