वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारत की विकास दर पर पड़ेगा सीमित असर: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

Finance Minister Sitharaman: नई दिल्ली में आयोजित चौथे कौटिल्य इकोनॉमिक कॉन्क्लेव (KEC) के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भरोसा जताया कि मौजूदा वैश्विक अस्थिरता और आर्थिक उथल-पुथल के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था पर इसका सीमित प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत अब इतनी मजबूत स्थिति में है कि वह बाहरी दबावों, व्यापार असंतुलन और ऊर्जा आपूर्ति में गड़बड़ियों से प्रभावी ढंग से निपट सकता है। इस साल के कॉन्क्लेव की थीम “उथल-पुथल भरे समय में समृद्धि की तलाश” थी। तीन दिवसीय सम्मेलन 5 अक्टूबर को संपन्न होगा, जिसमें समापन भाषण केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर देंगे।
यह भी पढ़ें:- परिजनों की तलाश के बाद बाथरूम में मिला डेढ़ साल का मासूम, बाल्टी में डूबा
वित्त मंत्री ने कहा कि भारत का दीर्घकालिक लक्ष्य 2047 तक एक विकसित अर्थव्यवस्था बनना है। इसके लिए देश को अगले सालों तक लगातार 8% की आर्थिक वृद्धि दर बनाए रखनी होगी। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वाकांक्षी लक्ष्य है, लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था के घरेलू आधार इतने मजबूत हैं कि यह संभव है। सीतारमण ने स्पष्ट किया कि भारत की इकोनॉमिक ग्रोथ की रीढ़ घरेलू मांग, खपत और निवेश जैसे डोमेस्टिक फैक्टर्स हैं। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद इन कारकों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को स्थायित्व दिया है।
आत्मनिर्भरता का मतलब बंद अर्थव्यवस्था नहीं: सीतारमण
वित्त मंत्री ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य वैश्विक व्यवस्था से कट जाना नहीं, बल्कि भारत की आंतरिक क्षमताओं को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता का अर्थ क्लोज्ड इकोनॉमी (Closed Economy) नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त, प्रतिस्पर्धी और लचीली अर्थव्यवस्था की दिशा में कदम है। सीतारमण ने कहा कि वर्तमान में दुनिया एक गंभीर अस्थिरता और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। उन्होंने इसे सिर्फ एक अस्थायी रुकावट नहीं, बल्कि एक स्ट्रक्चरल ट्रांसफॉर्मेशन (संरचनात्मक परिवर्तन) करार दिया। (Finance Minister Sitharaman)

उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं का दुनिया की जनता पर से भरोसा कम होता जा रहा है। हाल ही में हुई G20 मीटिंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों ने वैश्विक संस्थाओं में सुधार की ज़रूरत पर ज़ोर दिया, ताकि वैश्विक स्थिरता बहाल की जा सके। सीतारमण ने आगाह किया कि कम निवेश और अस्थिर ऊर्जा कीमतें जैसी समस्याएं वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता को और बढ़ा रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नियमों को नए सिरे से लिखा जा रहा है, और नए ग्लोबल बैलेंस को कई कारकों को ध्यान में रखकर स्थापित करना होगा। (Finance Minister Sitharaman)

RBI ने GDP ग्रोथ का अनुमान बढ़ाया
वित्त मंत्री ने इस ओर भी इशारा किया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने हाल ही में हुई मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में देश की GDP ग्रोथ का अनुमान 6.5% से बढ़ाकर 6.8% कर दिया है। यह भारत की आर्थिक मजबूती और भविष्य की संभावनाओं का संकेत है। KEC 2025 में इस बार 30 से ज्यादा देशों के 75 विदेशी प्रतिनिधियों सहित कई प्रमुख अर्थशास्त्री, नीति निर्माता और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, विकास के नए रास्ते और वैश्विक सहयोग की संभावनाओं पर गहन मंथन किया जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने KEC के मंच से एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारत एक स्थिर और भरोसेमंद अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। उन्होंने वैश्विक अस्थिरता के बीच भी भारत के विकास पथ को सुनिश्चित बताते हुए आत्मनिर्भरता और संरचनात्मक सुधारों पर बल दिया। (Finance Minister Sitharaman)




