कर्ज का बढ़ता जाल, पीछे छूट रही बचत, तेजी से बदल रही भारतीय परिवारों की आदतें

Financial Planning of Indians: पिछले 10 सालों में भारतीय परिवारों की कमाई, खर्च और बचत करने के तरीके में बड़ा बदलाव आया है। पहले लोग जितना कमाते थे, उसमें से बचत करने पर ज्यादा ध्यान देते थे, लेकिन अब धीरे-धीरे खर्च और कर्ज बढ़ता जा रहा है। द न्यूज इंडियन हाउस होल्ड बैलेंस सीट के मुताबिक आज भारतीय परिवारों पर कर्ज बढ़कर देश की कुल अर्थव्यवस्था (GDP) का 6.2% हो गया है, जो पिछले एक दशक का सबसे ऊंचा स्तर है। आसान भाषा में समझें तो अब लोग पहले की तुलना में ज्यादा उधार लेकर जीवन चला रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- नारी शक्ति बिल: बनेगा इतिहास या संख्या के खेल में फंसेगा? जानिए पूरा गणित
कोरोना महामारी के बाद यह बदलाव और तेज हुआ है। इस दौरान लोगों ने घर, गाड़ी, इलाज या जीवनशैली सुधारने के लिए ज्यादा कर्ज लिया। आंकड़े बताते हैं कि घरेलू कर्ज की सालाना बढ़त 44.6% रही, जो काफी तेज है। वहीं दूसरी तरफ बचत घटती जा रही है। पहले लोग अपनी आय का बड़ा हिस्सा बचा लेते थे, लेकिन अब शुद्ध वित्तीय बचत घटकर जीडीपी के 5.2% तक रह गई है। इसका मतलब है कि लोगों के पास भविष्य के लिए सुरक्षित रखने के लिए कम पैसा बच रहा है। अगर कर्ज के प्रकार को देखें तो सबसे ज्यादा तेजी क्रेडिट कार्ड और पर्सनल लोन में आई है। इसका कारण यह है कि अब लोग सिर्फ जरूरत जैसे इलाज या शिक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि बेहतर जीवनशैली जैसे मोबाइल, घूमना, शॉपिंग, गाड़ी के लिए भी कर्ज ले रहे हैं।
कर्ज की वृद्धि दर (FY 2016–2025)
| कर्ज का प्रकार | वृद्धि दर (%) |
|---|---|
| क्रेडिट कार्ड | 25.2% |
| पर्सनल लोन | 20.1% |
| वाहन लोन | 16.9% |
| होम लोन | 16.8% |
| एफडी के विरुद्ध कर्ज | 8.7% |
| शिक्षा लोन | 8.1% |
| शेयर के बदले लोन | 5.1% |
| कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन | 3.0% |
क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल आसान होता है, इसलिए लोग जल्दी खर्च कर लेते हैं और बाद में भारी ब्याज देना पड़ता है। पर्सनल लोन भी बिना ज्यादा कागजी प्रक्रिया के मिल जाता है, लेकिन इसकी ब्याज दर काफी ज्यादा होती है। दूसरी तरफ लोग अपना पैसा कहां निवेश कर रहे हैं, इसमें भी बदलाव आया है। पहले बैंक में पैसा रखना सबसे सुरक्षित माना जाता था, लेकिन अब लोग ज्यादा रिटर्न के लिए शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड की तरफ बढ़ रहे हैं। हालांकि सबसे बड़ा हिस्सा अभी भी प्रॉपर्टी जैसे जमीन, घर में जा रहा है। आज लगभग 70% बचत रियल एस्टेट जैसी भौतिक संपत्तियों में लगाई जा रही है। इसका नुकसान यह है कि जरूरत पड़ने पर यह पैसा तुरंत इस्तेमाल नहीं किया जा सकता यानी कैश की कमी हो जाती है। (Financial Planning of Indians)
निवेश के रुझान प्रतिशत में
| निवेश का माध्यम | 2019-20 | 2021-22 | 2023-24 | 2024-25 | रुझान |
|---|---|---|---|---|---|
| बैंक जमा | 36.7% | 32.0% | 39.7% | 35.2% | स्थिर |
| जीवन बीमा | 15.5% | 18.6% | 18.6% | 15.0% | स्थिर |
| पीएफ/पेंशन/PPF | 20.8% | 21.1% | 20.7% | 22.3% | बढ़ रहा |
| म्यूचुअल फंड | 11.7% | 10.3% | 3.4% | 5.9% | सुधार/उतार-चढ़ाव |
| शेयर बाजार | 2.6% | 6.1% | 6.9% | 13.1% | तेज उछाल |
| छोटी बचत योजनाएं | 1.7% | 1.9% | 0.8% | 2.1% | बढ़ रहा |
| नकदी (कैश) | 11.0% | 9.2% | 8.9% | 6.5% | घट रहा |
आम लोगों के लिए इसका क्या मतलब है ?
- अगर आप ज्यादा कर्ज ले रहे हैं तो भविष्य में EMI का दबाव बढ़ सकता है।
- बचत कम होने से अचानक जरूरत जैसे बीमारी, नौकरी छूटने में परेशानी हो सकती है।
- प्रॉपर्टी में ज्यादा पैसा लगाने से तुरंत पैसे की कमी हो सकती है।
- शेयर और म्यूचुअल फंड अच्छे विकल्प हैं, लेकिन समझदारी जरूरी है।
क्या करना चाहिए ?
- छोटे-छोटे निवेश शुरू करें (SIP): हर महीने थोड़ा पैसा निवेश करें।
- महंगे कर्ज जल्दी चुकाएं: खासकर क्रेडिट कार्ड और पर्सनल लोन।
- इमरजेंसी फंड बनाएं: कम से कम 6 महीने का खर्च अलग रखें।
- संतुलन बनाए रखें: सारा पैसा एक जगह जैसे प्रॉपर्टी में न लगाएं।
आज भारतीय परिवार पहले से ज्यादा खर्च और कर्ज की ओर बढ़ रहे हैं। यह एक तरह से विकास और आत्मविश्वास का संकेत है, लेकिन अगर संतुलन नहीं रखा गया तो यह भविष्य में आर्थिक परेशानी भी बन सकता है। इसलिए समझदारी से खर्च, नियमित बचत और सही निवेश करना बेहद जरूरी हो गया है। अगर कर्ज का सही उपयोग किया जाए और साथ में नियमित बचत-समझदारी से निवेश किया जाए तो यह आर्थिक मजबूती का रास्ता बन सकता है, लेकिन बिना योजना के बढ़ता कर्ज भविष्य में बोझ भी बन सकता है। ऐसे में आज की सबसे बड़ी जरूरत है संतुलन। कमाई, खर्च, बचत और निवेश के बीच सही तालमेल ही सुरक्षित आर्थिक भविष्य की कुंजी है। (Financial Planning of Indians)



