सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर की जाएगी भर्ती, 11 अक्टूबर 2026 को परीक्षा

Assistant Teacher Recruitment 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुसार छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत बड़े पैमाने पर शिक्षकीय पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत कुल 5000 शिक्षकीय पदों को भरने की योजना है, जिससे प्रदेश के शिक्षा तंत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से फिलहाल सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा रहा है। इन पदों में से 795 पद ई-संवर्ग की शालाओं और 1497 पद टी-संवर्ग की शालाओं में भरे जाएंगे। इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तें विज्ञापन में स्पष्ट रूप से दी जाएंगी।
यह भी पढ़ें:- कर्ज का बढ़ता जाल, पीछे छूट रही बचत, तेजी से बदल रही भारतीय परिवारों की आदतें
लोक शिक्षण संचालनालय के उपसंचालक अशोक नारायण बंजारा के मुताबिक भर्ती से संबंधित पूरा विवरण छत्तीसगढ़ व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट और स्कूल शिक्षा विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही भर्ती परीक्षा का सिलेबस भी व्यापमं की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यापम की ओर से किया जाएगा। परीक्षा की संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया कब शुरू होगी, इसकी जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। यह तिथि छत्तीसगढ़ व्यापमं की ओर से अलग से घोषित की जाएगी। (Assistant Teacher Recruitment 2026)

सरकार की योजना के मुताबिक व्याख्याता और शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए भी अलग-अलग विज्ञापन जल्द जारी किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की यह बड़ी भर्ती न सिर्फ युवाओं के लिए रोजगार का अवसर है, बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट्स पर नजर बनाए रखें। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित यह भर्ती अभियान शिक्षा क्षेत्र में सुधार की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है। (Assistant Teacher Recruitment 2026)



