TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज, भड़काऊ भाषण और गृहमंत्री अमित शाह को धमकी भरे बयान देने पर केस

FIR Against Abhishek Banerjee: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा विवाद सामने आया है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शुक्रवार को FIR दर्ज की गई है। यह FIR उत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। आरोप है कि अभिषेक बनर्जी ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण दिए और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ धमकी भरे बयान दिए, जिससे चुनावी माहौल प्रभावित हुआ और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई गई है। यह मामला सामाजिक कार्यकर्ता राजीब सरकार की शिकायत पर दर्ज किया गया है, जिन्होंने 5 मई को बागुईआटी पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी थी।
यह भी पढ़ें:- ट्रैफिक जवानों को कार से कुचलने की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार
शिकायत में 27 अप्रैल से 3 मई के बीच दिए गए कई चुनावी भाषणों का उल्लेख किया गया है, जिनके वीडियो लिंक भी पुलिस को सौंपे गए हैं। जांच के बाद पुलिस ने 15 मई को दोपहर 2:45 बजे बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में औपचारिक FIR दर्ज की। FIR में मुख्य रूप से दो आरोप लगाए गए हैं। पहला आरोप यह है कि अभिषेक बनर्जी ने अपने चुनावी भाषणों में भड़काऊ और आक्रामक टिप्पणियां की, जिससे सार्वजनिक शांति और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की संभावना बनी। दूसरा आरोप यह है कि उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ धमकी भरे बयान दिए और विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया। (FIR Against Abhishek Banerjee)
इन बयानों की वजह से दर्ज की गई FIR
शिकायत में 10 अप्रैल, 16 अप्रैल, 25 अप्रैल और 2 मई 2026 के कई बयानों का हवाला दिया गया है। इन बयानों में उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराने, अमित शाह को खुली चुनौती देने और चुनावी परिणामों को लेकर तीखी राजनीतिक टिप्पणी करने जैसी बातें कही थी। इन्हीं बयानों को आधार बनाकर शिकायत दर्ज की गई है। दरअसल, अभिषेक बनर्जी ने 10 अप्रैल 2026 को कहा था कि अगर घुसपैठ हो रही है तो इसकी जिम्मेदारी अमित शाह की है। 16 अप्रैल को कहा था कि अगर दम है तो 4 मई को कोलकाता में रहिएगा। 25 अप्रैल को कहा था कि BJP हार देखकर डर का माहौल बना रही है। 2 मई को कहा था कि 4 मई को बंगाल की जनता जवाब देगी। (FIR Against Abhishek Banerjee)
कौन हैं अभिषेक बनर्जी ?
बता दें कि अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं और वे लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस की संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका जन्म 7 नवंबर 1987 को कोलकाता में हुआ था और उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। अभिषेक ने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2009 में TMC के युवा संगठन से की थी और 2014 में पहली बार डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। इसके बाद 2019 और 2024 में भी उन्होंने इस सीट से जीत दर्ज की और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस पूरे मामले के बीच बंगाल की राजनीति में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। चुनाव परिणामों के बाद लगातार आरोप-प्रत्यारोप और हिंसा की घटनाओं ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। ऐसे में FIR दर्ज होने के बाद यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है और पुलिस अब सभी वीडियो साक्ष्यों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई तय करेगी।



