ट्रैफिक जवानों को कार से कुचलने की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान के दौरान ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक जवानों को कार से कुचलने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र के नागपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में आरक्षक रमेश चंद्राकर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:40 बजे रायपुर से दुर्ग की ओर आ रही महाराष्ट्र पासिंग एक ब्लैक फिल्म लगी कार को वाहन चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किया गया। ड्यूटी पर मौजूद आरक्षक रमेश चंद्राकर ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाते हुए जवान को कुचलने की कोशिश की।
खुद को बचाने के दौरान आरक्षक के दाहिने हाथ की उंगली में चोट लग गई और वह कार के सामने गिर पड़े। हालांकि, उन्होंने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत पीछे हटकर अपनी जान बचा ली।
घटना के बाद तत्काल वायरलेस के जरिए पुरानी भिलाई क्षेत्र के सिरसा गेट चौक पर तैनात ट्रैफिक जवानों को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने कार सहित आरोपियों को पकड़ लिया। कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रमजान और जाकिर मोहम्मद निवासी नागपुर, महाराष्ट्र बताया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कुम्हारी में धारा 109(1), 221, 3(5) बीएनएस तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 100 के तहत मामला दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह भी पढ़े :- अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के पूर्णकालिक डीजीपी, शासन ने जारी किया आदेश



