चलती चारमीनार एक्सप्रेस में भड़की आग, भट्टी बना कोच-मची अफरा-तफरी
Charminar Express Fire Incident : तेलंगाना में अलेर रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब Charminar Express के एक कोच में अचानक आग लग गई। ट्रेन जैसे ही स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, S5 डिब्बे से उठते धुएं को देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए बाहर कूदने लगे।
यह भी पढ़े :- वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में फायरिंग से अफरा-तफरी, राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित बाहर निकाले गए
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को स्टेशन के पास ही रोक दिया। राहत की बात यह रही कि आग फैलने से पहले ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें और रेलवे की तकनीकी इकाइयां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि, इस घटना के कारण इस रूट पर रेल यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी जांच और क्लीयरेंस के बाद ही ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जा रहा है। (Charminar Express Fire Incident)



