दिल्ली अग्निकांड के बाद अलर्ट, आग लगने पर भूलकर भी न करें ये गलतियां, जानिए फायर सेफ्टी के गोल्डन रूल्स

Fire Safety Tips: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में 3 जून सुबह भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 11 लोग विदेशी नागरिक है। दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 8:50 बजे होटल के रेस्टोरेंट में आग लगी, जिसने देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों पर बने कमरों और बेसमेंट को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को जान बचाने के लिए तीसरी और चौथी मंजिल से छलांग लगानी पड़ी, जिन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे बिछाए थे।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर में बन रहा 120 करोड़ का एजुकेशन हब, मुख्यमंत्री साय ने किया निरीक्षण
राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि बेसमेंट से भी 6 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस बीच दिल्ली सरकार ने सभी मृतकों के लिए 10 लाख रुपए और घायलों के लिए 5 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने 10 टीमें बनाई हैं। इनमें से 5 टीमें फरार होटल मैनेजर जय मिश्रा की तलाश में जुटी हैं। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मैक्स अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। दिल्ली CMO) के मुताबिक शव को उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। बता दें कि दिल्ली में साल 2026 के दौरान आग की घटनाएं लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं। आंकड़ों के मुताबिक पिछले 6 महीनों में आग की अलग-अलग घटनाओं में कुल 66 लोगों की मौत हो चुकी है। (Fire Safety Tips)
महीनेवार मौतों का आंकड़ा
| महीना | मौतों की संख्या |
|---|---|
| जनवरी | 6 |
| फरवरी | 6 |
| मार्च | 15 |
| अप्रैल | 5 |
| मई | 13 |
| जून | 21 |
| कुल | 66 |
गर्मी में क्यों बढ़ जाते हैं आग लगने के मामले ?
यह आंकड़े बताते हैं कि गर्मी के मौसम में आग की घटनाएं और उनसे होने वाला नुकसान तेजी से बढ़ जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक गर्मियों में तापमान बढ़ने से बिजली उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ओवरलोडिंग, शॉर्ट सर्किट, ज्वलनशील पदार्थों का ज्यादा तापमान में संपर्क और एयर कंडीशनर, कूलर जैसे उपकरणों का लगातार उपयोग आग लगने की आशंका बढ़ा देता है। कई बार छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल जाती है। आग लगने की स्थिति में घबराहट अक्सर जानलेवा साबित होती है। ऐसे में कुछ गलतियों से हर हाल में बचना चाहिए।
आग लगने पर कभी न करें ये गलतियां
- आग लगने पर कभी भी ऊपर की मंजिल की ओर न भागें।
- हमेशा आग की दिशा से उल्टी ओर निकलने का प्रयास करें और नीचे की ओर जाएं।
- किसी बड़े फर्नीचर या सामान के नीचे छिपने की कोशिश न करें।
- कीमती सामान बचाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।
- अगर आग बिजली के उपकरणों या शॉर्ट सर्किट से लगी हो तो उस पर पानी न डालें।
- ऊपरी मंजिल पर रहने वाले लोग लिफ्ट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
- आग लगने पर खिड़कियां खोलने से बचें, क्योंकि ऑक्सीजन मिलने से आग और भड़क सकती है।
- आग की तरफ कोई सामान फेंकने की कोशिश न करें।
आग लगने पर क्या करें ?
फायर सेफ्टी विशेषज्ञों के मुताबिक सही समय पर उठाया गया कदम कई जानें बचा सकता है।
- सबसे पहले शांत रहें और सुरक्षित स्थान की ओर निकलें।
- तुरंत फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें।
- अगर फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध हो और उसका उपयोग करना आता हो तो उसका इस्तेमाल करें।
- कपड़ों में आग लगने पर भागें नहीं, बल्कि जमीन पर लुढ़कें या कंबल से खुद को ढंक लें।
- धुएं से बचने के लिए नाक और मुंह को गीले कपड़े से ढंकें।
- धुएं वाले क्षेत्र से निकलते समय झुककर या रेंगते हुए बाहर निकलें, क्योंकि धुआं ऊपर की ओर जमा होता है।
- अगर कमरे में फंस जाएं तो दरवाजे और खिड़की की दरारों को गीले तौलिए से बंद कर दें, ताकि धुआं अंदर न आ सके।
- घबराने के बजाय स्थिति का आकलन कर सुरक्षित रास्ता तलाशें।
दिल्ली हादसा बना चेतावनी
मालवीय नगर होटल अग्निकांड ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि आग लगने की घटनाओं में शुरुआती कुछ मिनट सबसे अहम होते हैं। समय रहते सतर्कता, फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता और लोगों की जागरूकता कई जिंदगियां बचा सकती है। ऐसे में घर, होटल, अस्पताल, स्कूल और व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना अब सिर्फ नियम नहीं, बल्कि जरूरत बन गया है। दिल्ली का यह दर्दनाक हादसा सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि हर परिवार और हर संस्थान के लिए एक चेतावनी है। सतर्कता, फायर सेफ्टी नियमों का पालन और सही समय पर सही फैसला ही आग जैसी आपदा में जिंदगी बचा सकता है। (Fire Safety Tips)



