Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में अपराध बेलगाम? डर, दहशत और लगातार हो रही वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

Crime increased in Chhattisgarh: शांति का टापू कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में हर सुबह किसी नई वारदात की खबरें सामने आ रही है। कहीं चाकू से गोदकर हत्या, कहीं सरेआम गोलियां, कहीं करोड़ों की लूट तो कहीं महिलाओं की अस्मिता पर हमला। इन सबके बीच अपराधियों का ऐसा दुस्साहस कि कानून भी कई बार बेबस नजर आने लगे। राजधानी रायपुर से लेकर प्रदेश के कई जिलों तक लगातार सामने आ रही वारदातों ने सरकार, पुलिस और प्रशासन की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर नई घटना के बाद एक ही बहस तेज होती है कि आखिर अपराध क्यों बढ़ रहा है, क्या व्यवस्था कमजोर हो रही है और क्या अपराधियों पर लगाम लग पा रही है या नहीं।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली अग्निकांड के बाद अलर्ट, आग लगने पर भूलकर भी न करें ये गलतियां, जानिए फायर सेफ्टी के गोल्डन रूल्स

छत्तीसगढ़ जहां विकास, योजनाओं और तरक्की की बात होती है, वहीं दूसरी तरफ अपराध का ग्राफ भी लगातार चिंता बढ़ा रहा है। हर कुछ दिनों में हत्या, हर हफ्ते लूट, हर महीने महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराध और हर घटना के बाद वही पुराना सवाल कि क्या कानून व्यवस्था कमजोर पड़ रही है। यह स्थिति अब सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनती जा रही है। डर की दस्तक अब सिर्फ खबरों तक नहीं है, बल्कि यह घर-घर तक पहुंचने लगी है। कभी मंदिर हसौद में हत्या, कभी पलौद में खून से सनी रंजिश, कभी राजधानी के बीचोंबीच गोलियों की गूंज, तो कभी करोड़ों की लूट के बाद अपराधियों का बेखौफ फरार होना। यह घटनाएं यह बताने के लिए काफी हैं कि अपराध अब अपवाद नहीं, बल्कि एक कड़वी हकीकत बनता जा रहा है।

इसी बीच हाल ही में हुई कुछ संगीन वारदातों ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है। 3 जून को सक्ती जिले के सेंदरस गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपति की सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना का खुलासा तब हुआ, जब सुबह पड़ोस की एक महिला किसी काम से उनके घर पहुंची और अंदर दोनों के शव देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान पुरुषोत्तम खूंटे (70 साल) और गोहारिन बाई (55 साल) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और FSL टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने भी मौके पर पहुंचकर कहा कि यह मामला हत्या का प्रतीत होता है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। (Crime increased in Chhattisgarh)

Mass Murder in Janjgir

इसी तरह 2 जून को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के सोनवर्षा ग्राम पंचायत में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति पुरन अपनी पत्नी भगवंती के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा। बताया जा रहा है कि घटना की रात दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर पति ने पहले पत्नी को थप्पड़ मारा और फिर लोहे की टंगिया से कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में भी अपराधों की लंबी फेहरिस्त सामने आई है। 22 मई को मंदिर हसौद में भुनेश्वर यादव हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया, जहां लापता व्यक्ति का शव रेत में दफन मिला। 29 मई को पलौद गांव में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया और तोषक भारती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घर में आगजनी और तोड़फोड़ भी की।

27 मई को तेलघानी चौक में हत्या

27 मई को तेलघानी चौक में आशीष गरुड़ की हत्या ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। 30 मई को पुरानी बस्ती में कोर्ट पेशी के बाद विवाद हिंसा में बदल गया और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। 5 मई को पंडरी में मामूली विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई, जिसमें दो युवतियों की मौत हो गई, जबकि आरोपी ने खुलेआम मेडिकल स्टोर में भी गोलीबारी की। 31 मई को खरोरा में ज्वेलर्स कारोबारी से करीब 1 करोड़ के जेवर लूट लिए गए और आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। ये सिर्फ अलग-अलग घटनाएं नहीं हैं, बल्कि यह उस डर की तस्वीर है, जो धीरे-धीरे समाज में गहराता जा रहा है। यह वह माहौल है, जहां अपराध अब खबर नहीं, बल्कि हकीकत बन चुका है। बढ़ते अपराधों का असर अब आम लोगों की जिंदगी पर साफ दिखाई देने लगा है। (Crime increased in Chhattisgarh)

NCRB के आंकड़े चिंताजनक

महिलाएं शाम के बाद घर से बाहर निकलने में डर महसूस करती हैं, व्यापारी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। लोगों का कहना है कि अपराधियों के मन से कानून का डर धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के 2024 के ताजा आंकड़े भी इस स्थिति की गंभीरता को दर्शाते हैं। प्रदेश में कुल 1,14,658 मामले दर्ज किए गए हैं। महिला अपराधों में 2023 के 8035 मामलों की तुलना में 2024 में 8601 मामले दर्ज हुए हैं। दुष्कर्म के 1171 मामले, दहेज हत्या के 89 मामले, अपहरण के 1171 मामले और पति या रिश्तेदारों के क्रूरता के 1217 मामले सामने आए हैं। वहीं हत्या के मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां 2023 में 958 हत्या के मामले थे, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 1024 हो गई, यानी एक साल में 66 हत्याओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार महिलाओं की संख्या 354, पुरुष 700, ट्रांसजेंडर 1 और 18 वर्ष से कम उम्र के 376 पीड़ित शामिल हैं। हत्या के कारणों में जादू-टोना, अवैध संबंध और प्रेम प्रसंग जैसे मामले भी सामने आए हैं।

अपराध श्रेणी मामले
कुल दर्ज अपराध 1,14,658
महिला अपराध 8,601
दुष्कर्म 1,171
अपहरण 1,171
पति/रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता 1,217
दहेज हत्या 89
हत्या 1,024

पुलिस का दावा है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, गिरफ्तारियां हो रही हैं और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। लेकिन विपक्ष लगातार यह सवाल उठा रहा है कि अगर सब कुछ नियंत्रण में है तो अपराध लगातार क्यों बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते अपराधों के पीछे नशाखोरी, बेरोजगारी, सामाजिक तनाव, पुरानी रंजिशें, सोशल मीडिया विवाद और बदलता सामाजिक परिवेश प्रमुख कारण हैं। वहीं पूर्व पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केवल गिरफ्तारी समाधान नहीं है, बल्कि त्वरित न्याय और सख्त सजा ही अपराध पर असली रोक लगा सकती है। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में बढ़ता अपराध अब केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि यह जनता के भरोसे और सुरक्षा की भावना से जुड़ा बड़ा सवाल बन चुका है। सरकार कार्रवाई का दावा कर रही है, पुलिस अभियान चला रही है, विपक्ष सवाल उठा रहा है, लेकिन असली सवाल यही है कि क्या आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर पा रहा है ? अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आने वाले समय में अपराध पर लगाम लगेगी या फिर प्रदेश में डर का यह साया और गहराता जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!