Google Analytics —— Meta Pixel

मेक्सिको में धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी में जोरदार धमाका, 10 लोगों की मौत, 64 घायल

Fireworks Explode in Mexico: मेक्सिको में धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी का इस्तेमाल उस वक्त जानलेवा साबित हो गया, जब पटाखों में जोरदार धमाका होने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 64 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। धमाका इतना जबरदस्त था कि चर्च की दीवारों का एक हिस्सा भी ढह गया। यह हादसा शनिवार को मध्य मेक्सिको के मेक्सिको राज्य के टेमास्कालसिंगो नगरपालिका के सांता मारिया कांचेस्दा गांव में हुआ। गांव में उस समय धार्मिक उत्सव और सेलिब्रेशन चल रहा था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे थे।

यह भी पढ़ें:- साय कैबिनेट की 9 सितंबर को बैठक, कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर

हादसे से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें लोग भूसे से बनी बैल की आकृति लेकर चलते नजर आ रहे हैं। इस आकृति पर आतिशबाजी लगाई गई थी और उससे लगातार चिंगारियां निकल रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक आतिशबाजी से सजे इस बैल की आकृति को लेकर चलना गांव की स्थानीय धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी आतिशबाजी वाले बैल से निकली चिंगारी चर्च में रखे पटाखों तक पहुंच गई। इसके बाद वहां अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई। धमाके के दौरान चर्च परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चर्च की दीवारों का एक हिस्सा गिर गया। कुछ लोग मलबे के नीचे दब गए। (Fireworks Explode in Mexico)

धुएं से भर गया पूरा इलाका

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में गांव का मुख्य चौक धुएं से भरा नजर आया। घटनास्थल पर जगह-जगह मलबा बिखरा हुआ दिखाई दिया। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए घटनास्थल से दूर भागते नजर आए। वहीं कुछ स्थानीय लोग और राहत-बचाव दल मलबे के बीच फंसे लोगों की तलाश करते दिखाई दिए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि शुरुआती तौर पर आतिशबाजी वाले बैल से निकली चिंगारी को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन मेक्सिको के अटॉर्नी जनरल ऑफिस ने कहा है कि विस्फोट की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।

हादसे में दो पादरी भी घायल

जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चर्च परिसर में आतिशबाजी किस तरह रखी गई थी और आग किस वजह से भड़की। इस हादसे में चर्च के दो पादरी भी घायल हुए हैं। अटलाकोमुल्को धर्मप्रांत की ओर से बताया गया कि दोनों पादरियों की हालत ऐसी है कि उनके बचने की उम्मीद है। धर्मप्रांत ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही घायलों और उनके परिवारों के लिए भी प्रार्थना की गई। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में स्थानीय लोग सदमे में नजर आए। कई लोग घटनास्थल के आसपास जमा होकर प्रार्थना करते दिखाई दिए। धार्मिक उत्सव का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया।

पहले भी आतिशबाजी बन चुकी है बड़ी त्रासदी

बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान भी चुनौतीपूर्ण रहा। फिलहाल प्रशासन की ओर से घटना की जांच जारी है और घायलों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। मेक्सिको में धार्मिक उत्सवों और स्थानीय समारोहों के दौरान आतिशबाजी का इस्तेमाल आम है। कई क्षेत्रों में आतिशबाजी स्थानीय परंपराओं और धार्मिक आयोजनों का अहम हिस्सा मानी जाती है। हालांकि आतिशबाजी के भंडारण और इस्तेमाल के दौरान यहां पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। जुलाई 2018 में मेक्सिको सिटी के उत्तर में स्थित तुल्तेपेक शहर की एक आतिशबाजी फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। इस हादसे में 24 लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले तुल्तेपेक के एक आतिशबाजी बाजार में भी बड़ा धमाका हुआ था। इस हादसे में 42 लोगों की जान चली गई थी। (Fireworks Explode in Mexico)

करीब चार साल पहले मध्य मेक्सिको के हिडाल्गो राज्य के हुआहुत्ला नगरपालिका के एक गांव में भी आतिशबाजी में विस्फोट हुआ था। इस हादसे में 17 लोग घायल हुए थे। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने मेक्सिको में धार्मिक और स्थानीय आयोजनों के दौरान आतिशबाजी की सुरक्षा व्यवस्था और उसके भंडारण को लेकर सवाल खड़े किए हैं। ताजा घटना में भी जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विस्फोट की वास्तविक वजह क्या थी और सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई। मेक्सिको में एक धार्मिक परंपरा के दौरान निकली चिंगारी ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरा उत्सव चीख-पुकार में बदल गया। हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि जश्न के नाम पर इस्तेमाल होने वाली आतिशबाजी आखिर कब तक लोगों की जान पर भारी पड़ती रहेगी?

Back to top button
error: Content is protected !!