Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिका के मियामी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, रनवे से उतरकर गाड़ियों से टकराया कार्गो प्लेन, 5 लोगों की मौत

Accident at Miami Airport: अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। लैंडिंग के बाद एक बोइंग 767 कार्गो विमान रनवे से बाहर निकल गया और एयरपोर्ट के पास पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों से जा टकराया। Hu टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 3 की हालत गंभीर है। हालांकि अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मृतकों और घायलों में कितने लोग विमान में सवार थे और कितने लोग जमीन पर मौजूद थे।

यह भी पढ़ें:- सत्य निकेतन इमारत हादसे में दुर्ग के 20 साल के छात्र युवराज सोनी की मौत, 4 दिन पहले ही लौटा था दिल्ली

हादसा स्थानीय समय के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। विमान ने मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे 30 पर लैंडिंग की थी। लैंडिंग के बाद विमान रनवे पर समय रहते रुक नहीं पाया और रनवे के इस्तेमाल योग्य हिस्से से आगे निकल गया। इसके बाद विमान एयरपोर्ट के पास खड़ी कई गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और विमान आगे की तरफ झुक गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान में आग लग गई। विमान की चपेट में आई कुछ गाड़ियों में लोग फंस गए थे। वहीं विमान के पायलट और को-पायलट भी कॉकपिट में फंसे हुए थे। (Accident at Miami Airport)

मौके पर पहुंची 60 से ज्यादा रेस्क्यू यूनिट 

हादसे की सूचना मिलते ही मियामी-डेड फायर रेस्क्यू की 60 से ज्यादा यूनिट मौके पर पहुंची। करीब 200 से ज्यादा आपातकर्मियों को राहत और बचाव अभियान में लगाया गया। रेस्क्यू टीमों ने विशेष फोम की मदद से विमान में लगी आग पर काबू पाया और गाड़ियों समेत विमान में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के कई घंटे बाद तक विमान से ईंधन रिसाव की समस्या बनी रही, जिसके चलते बचाव और राहत अभियान में अतिरिक्त सावधानी बरती गई। जानकारी के मुताबिक विमान रनवे के इस्तेमाल योग्य हिस्से से बाहर निकलते समय करीब 112 नॉट यानी 129 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था। यह रफ्तार लगभग 208 किलोमीटर प्रति घंटे बैठती है।

ATC रिकॉर्डिंग में मिली अहम जानकारी

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि करीब 9 हजार फीट से ज्यादा लंबे रनवे पर लैंडिंग के बावजूद विमान समय रहते रुक क्यों नहीं पाया। फिलहाल हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक लैंडिंग से पहले पायलटों ने किसी आपात स्थिति की घोषणा नहीं की थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग में एक ग्राउंड व्हीकल से टावर को यह सूचना देते हुए सुना गया कि विमान रनवे 30 से आगे निकल गया है। मीडिया संस्थानों ने ATC रिकॉर्डिंग की समीक्षा की है। हालांकि इन शुरुआती जानकारियों से सिर्फ हादसे की परिस्थितियों का अंदाजा लगाया जा सकता है। विमान रनवे से क्यों बाहर निकला, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

प्यूर्टो रिको से मियामी पहुंचा था विमान

अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने हादसे की जांच की बात कही है। वहीं, नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) भी मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है। FAA के मुताबिक कार्गो विमान ने प्यूर्टो रिको के लुइस मुनोज मारिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार विमान की उड़ान करीब 2 घंटे की थी और यह रविवार दोपहर लगभग 2 बजे मियामी पहुंचा। यह विमान अमेजन एयर के लिए 21 Air की ओर से संचालित किया जा रहा था। विमान पर अमेजन के प्राइम नेटवर्क से जुड़े निशान भी दिखाई दे रहे थे। अमेजन की प्रवक्ता केली नेंटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि कंपनी इस घटना की पुष्टि करती है और घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। (Accident at Miami Airport)

32 साल पुराना था बोइंग 767

हादसे में शामिल विमान करीब 32 साल पुराना बोइंग 767 था। 21 Air एक कार्गो कैरियर है, जिसका ऑपरेशन सेंटर मियामी में है और यह बोइंग 767 विमानों का इस्तेमाल करता है। हादसे के बाद विमान के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। आग बुझने के बाद भी विमान को मौके से हटाने और ईंधन रिसाव को नियंत्रित करने के लिए लंबे समय तक अभियान जारी रहा। विमान का रनवे से बाहर निकल जाना एविएशन की भाषा में रनवे एक्सकर्शन कहलाता है। यह स्थिति टेक-ऑफ या लैंडिंग के दौरान पैदा हो सकती है, जब विमान निर्धारित रनवे की सीमा के भीतर रुक नहीं पाता या रनवे की साइड से बाहर निकल जाता है। रनवे एक्सकर्शन मुख्य तौर पर दो तरह का हो सकता है। वीयर-ऑफ: जब विमान रनवे की साइड से बाहर निकल जाए। ओवरशूट: जब विमान रनवे के आखिरी छोर को पार कर आगे निकल जाए। (Accident at Miami Airport)

लैंडिंग के दौरान इसका खतरा ज्यादा होता है, क्योंकि विमान को तेज रफ्तार से कम होते हुए सीमित दूरी में रुकना होता है। रनवे एक्सकर्शन के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें पायलट की गलती, विमान की तकनीकी खराबी, गलत या असुरक्षित अप्रोच, ज्यादा स्पीड में लैंडिंग और खराब मौसम जैसी परिस्थितियां शामिल हैं। अगर रनवे गीला या फिसलन भरा हो तो विमान के टायरों की पकड़ कम हो सकती है। वहीं, लैंडिंग के दौरान विमान सही एंगल या निर्धारित स्पीड पर नहीं होने पर भी उसे समय रहते रोकना मुश्किल हो सकता है। ऐसी परिस्थितियों में पायलटों को गो-अराउंड जैसी प्रक्रियाओं की ट्रेनिंग दी जाती है। कई एयरपोर्ट पर रनवे के आगे ऐसे विशेष सुरक्षा क्षेत्र या मटेरियल भी बनाए जाते हैं, जिनका उद्देश्य विमान की गति को कम करने में मदद करना होता है। हालांकि मियामी हादसे में इनमें से कौन-सा कारण जिम्मेदार था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

हादसे के बाद उड़ानों पर भी पड़ा असर

हादसे के बाद मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए सभी रनवे और टैक्सीवे बंद कर दिए गए और ग्राउंड स्टॉप लगाया गया। इसके चलते एयरपोर्ट से आने-जाने वाली बड़ी संख्या में उड़ानें प्रभावित हुईं। रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को 160 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जबकि करीब 325 उड़ानों में देरी हुई। शाम तक एयरपोर्ट के कुछ रनवे दोबारा खोल दिए गए, लेकिन दुर्घटनाग्रस्त विमान और राहत-बचाव अभियान के कारण एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित रहा। फिलहाल मियामी एयरपोर्ट हादसे को लेकर कई सवाल हैं। जैसे आखिर लैंडिंग के बाद विमान समय पर रुक क्यों नहीं पाया? क्या विमान की स्पीड सामान्य से ज्यादा थी? क्या कोई तकनीकी खराबी सामने आई? या फिर लैंडिंग के दौरान कोई दूसरी परिस्थिति पैदा हुई? इन सवालों का जवाब FAA और NTSB की जांच के बाद ही मिल सकेगा। फिलहाल जांच एजेंसियां विमान की तकनीकी स्थिति, पायलटिंग, रनवे की परिस्थितियों और हादसे से पहले की पूरी उड़ान से जुड़े डेटा की जांच कर रही हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!