सत्य निकेतन इमारत हादसे में दुर्ग के 20 साल के छात्र युवराज सोनी की मौत, 4 दिन पहले ही लौटा था दिल्ली

Satya Niketan Building Accident: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए इमारत हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी 20 साल के छात्र युवराज सोनी की मौत हो गई। पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में कई लोग दब गए। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बी.कॉम का छात्र था। बताया जा रहा है कि छुट्टियों के बाद वह महज 4 दिन पहले ही दुर्ग से दिल्ली लौटा था। युवराज सत्य निकेतन इलाके में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली में 3 साल में 1133 बार गिरी इमारतें, 98 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने सत्य निकेतन हादसे पर जताया दुख
हादसे के वक्त युवराज अपने दोस्त आर्यन से फोन पर बातचीत कर रहा था। दोनों बाहर घूमने जाने की योजना बना रहे थे। बातचीत के दौरान अचानक युवराज की आवाज आनी बंद हो गई। आर्यन ने फोन पर लगातार युवराज को हेलो-हेलो कहा, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। करीब एक मिनट बाद फोन कट गया। इसके बाद आर्यन ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन युवराज से बात नहीं हो सकी। कुछ देर बाद जब आर्यन को सत्य निकेतन में इमारत गिरने की जानकारी मिली तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा, जहां मलबे के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था। (Satya Niketan Building Accident)
घंटों तलाश के बाद मिली मौत की खबर
आर्यन ने रेस्क्यू टीम के साथ युवराज की तलाश शुरू की। कई घंटे तक मलबे में खोजबीन चलती रही। इसी दौरान उसे जानकारी दी गई कि युवराज का शव एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। युवराज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। जानकारी मिलते ही उसके परिजन तत्काल दिल्ली पहुंचे। बता दें कि युवराज कन्हैया सोनी का इकलौता बेटा था। परिवार में माता-पिता और उसकी छोटी बहन है, जो 9वीं कक्षा में पढ़ती है।

पिता मेडिकल स्टोर चलाते हैं। वहीं जिला प्रशासन ने परिवार से संपर्क कर दिल्ली में हरसंभव मदद और शव को दुर्ग लाने की व्यवस्था का भरोसा दिया है, जिस पांच मंजिला इमारत में हादसा हुआ, वह करीब 40 साल पुरानी बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे से पहले इमारत के बेसमेंट में करीब सात दिनों से तोड़फोड़ और निर्माण से जुड़ा काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि बेसमेंट में पानी भी भरा हुआ था। इसी दौरान खुदाई और तोड़फोड़ के बीच एक पिलर खिसकने से इमारत का संतुलन बिगड़ गया और पूरी पांच मंजिला इमारत देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गई।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
दिल्ली नगर निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक इमारत को खतरनाक घोषित नहीं किया गया था। हादसे के बाद अब बेसमेंट में चल रहे काम और इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। इमारत गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में मलबा हाथ से हटाया गया, ताकि अंदर फंसे लोगों को नुकसान न पहुंचे। इसके बाद भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने स्निफर डॉग और कैमरों की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश की। रेस्क्यू ऑपरेशन रातभर जारी रहा। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। पांच घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज एम्स में कराया जा रहा है।
आसपास की इमारतों पर भी खतरा
हादसे के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। हादसे वाली बिल्डिंग के पास मौजूद एक अन्य इमारत में दरारें आने के बाद उसे खाली कराया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दूसरी इमारत के भी प्रभावित होने की आशंका के चलते उसे सपोर्ट देने के लिए पिलर लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वह गुरुग्राम में रहता है और फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए 10 टीमें गठित की हैं और लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। मामले में गैर इरादतन हत्या, लापरवाही और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की गई है। (Satya Niketan Building Accident)
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जांच में इमारत की स्थिति, बेसमेंट में चल रहे निर्माण या तोड़फोड़ के काम और हादसे की वास्तविक वजह की पड़ताल की जाएगी। मेयर की ओर से चार मंजिल से ज्यादा ऊंची अवैध इमारतों को सील करने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही गई है। सत्य निकेतन दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित प्रमुख छात्र इलाकों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में छात्र पीजी और हॉस्टल में रहते हैं। ऐसे में हादसे में दुर्ग के युवा छात्र युवराज की मौत ने छात्र इलाकों में संचालित पीजी और पुरानी इमारतों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। (Satya Niketan Building Accident)
हादसे ने खड़े किए कई सवाल
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर करीब 40 साल पुरानी इमारत के बेसमेंट में कई दिनों से तोड़फोड़ और निर्माण का काम चल रहा था, तो उसकी संरचनात्मक सुरक्षा की जांच क्यों नहीं की गई? अब जांच में यह भी सामने आना बाकी है कि बेसमेंट में चल रहा काम किसकी अनुमति से हो रहा था और इस पूरे मामले में भवन मालिक के साथ जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका क्या रही। सिर्फ 20 साल की उम्र, आंखों में बेहतर भविष्य के सपने और दिल्ली पहुंचने के महज तीन दिन बाद ही युवराज की जिंदगी मलबे के नीचे खत्म हो गई, जिस दोस्त से हादसे के वक्त फोन बात हो रही थी, वही दोस्त कुछ देर बाद उसे मलबे में तलाशता नजर आया। अब युवराज के परिवार को इंसाफ का इंतजार है और सवाल सिर्फ एक इमारत के गिरने का नहीं, बल्कि उन तमाम पुरानी इमारतों की सुरक्षा का है, जहां देशभर से आए छात्र अपने सपनों के साथ रहते हैं। जांच अब ये तय करेगी कि युवराज की मौत महज हादसा थी या किसी की लापरवाही की कीमत।




