Google Analytics —— Meta Pixel

बालोद में पहले राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आगाज, राज्यपाल रमेन डेका ने किया शुभारंभ

National Rover Ranger Jamboree: बालोद के दुधली गांव में आज से देश के पहले राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आगाज हो चुका है, जिसका शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका ने किया। साथ ही कहा कि जंबूरी केवल एक शिविर ही नहीं बल्कि एकता, विविधता, भाईचारा और साझा उद्देश्यों का उत्सव है। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, भारत स्काउट्स गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राष्ट्रीय-राज्य स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में देश के अलग-अलग राज्यों से आए रोवर-रेंजर उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर हाईकोर्ट ने कहा- करियर और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना भी वैवाहिक क्रूरता, पत्नी को तलाक की मंजूरी

राज्यपाल और अतिथियों ने सबसे पहले दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद आसमान में गुब्बारा छोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। समारोह में राज्यपाल और अतिथियों ने जंबूरी पत्रिका के साथ नए बैज का विमोचन भी किया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने इस अवसर पर कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं को नेतृत्व कौशल, अनुशासन और सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज के लिए कम से कम एक सकारात्मक कार्य अवश्य करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। देश में पहली बार आयोजित हो रही यह राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। (National Rover Ranger Jamboree)

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं को जीवन मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि रोवर-रेंजर देश के वे युवा हैं, जो समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए कुछ अच्छा करने का जज्बा रखते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए इस आयोजन को छत्तीसगढ़ और देश के युवाओं के लिए सौभाग्यपूर्ण अवसर बताया। इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन करते हुए भारत स्काउट गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. केके खंडेलवाल ने दुधली गांव में इस पहला राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी आयोजन को एतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम अध्याय में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

अलग-अलग राज्यों से उपस्थित रोवर और रेंजरों की ओर से आकर्षक मार्चपास्ट कर राज्यपाल डेका समेत अतिथियों को सलामी दी गई। पहले नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी के शुभारंभ अवसर पर अलग-अलग राज्यों से उपस्थित रोवर रेंजरों ने नैनाभिराम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति से भारतीय संस्कृति की बहुरंगी छटा बिखेरी। बता दें कि इस 5 दिवसीय आयोजन में देश के सभी राज्यों के अलावा रेलवे, नवोदय विद्यालय समेत कुल 33 राज्यों के प्रतिभागी रोवर रेंजर शामिल हो रहे हैं। भारत स्काउट्स गाइड्स के अधिकारी, रोवर रेंजर के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे। (National Rover Ranger Jamboree)

Back to top button
error: Content is protected !!