Google Analytics —— Meta Pixel

नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही, 100 लोगों की मौत, 1000 से ज्यादा लापता, 133 भारतीयों का पता नहीं

Flood in Nepal: नेपाल-तिब्बत सीमा से लगे रसुवा जिले में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। भोटेकोशी नदी में अचानक आए तेज बहाव ने कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। बाढ़ और भूस्खलन के कारण पुल, सड़कें और पावर प्लांट समेत कई महत्वपूर्ण ढांचे क्षतिग्रस्त हुए हैं। नेपाल पुलिस के मुताबिक अब तक 95 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि पर्यटन विभाग के मुताबिक 1000 से ज्यादा लोग लापता हैं। लापता लोगों में 133 भारतीयों समेत 300 से ज्यादा विदेशी पर्यटक शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक रसुवा जिले में बुधवार सुबह करीब 9 बजे तिब्बत की दिशा से भोटेकोशी नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आया। देखते ही देखते नदी ने विकराल रूप ले लिया। बाढ़ का पानी और मलबा इतनी तेजी से नीचे की ओर आया कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

यह भी पढ़ें:- विष्णु देव की सरकार में महिला सशक्तिकरण को नई उड़ान

रसुवा में टिमुरे, स्याफ्रुबेसी, हाकुबेसी, मेलुंग, सल्लेटार, शांतिबाजार, पैरेबेसी, खाल्टी बस्ती और बेत्रावती समेत करीब एक दर्जन बस्तियां प्रभावित हुई हैं। बाढ़ का असर नुवाकोट, धादिंग और चितवन तक देखा गया है। धादिंग के गल्छी तक बाढ़ का पानी पहुंचने के बाद मुग्लिन की ओर भी खतरे की चेतावनी जारी की गई है। बाढ़ के तेज बहाव में कई पुल बह गए, जिससे स्थानीय बस्तियों और जिला मुख्यालयों से संपर्क टूट गया। बेत्रावती से रसुवागढ़ी-तिब्बत सीमा तक करीब 42 किलोमीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा स्याफ्रुबेसी से सीमा तक करीब 16 किलोमीटर सड़क को भी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ की चपेट में आने से बिजली परियोजनाओं और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। कई इलाकों में आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है।

आखिर कैसे आई इतनी भयावह बाढ़ ?

शुरुआती वैज्ञानिक आकलन के मुताबिक ल्हेंदे नदी के ऊपरी हिस्से में ग्लेशियर से बर्फ और पत्थरों का बड़ा हिस्सा टूटकर नदी में गिर गया। इससे नदी का रास्ता अवरुद्ध हो गया और पानी पीछे की ओर जमा होने लगा। देखते ही देखते वहां एक अस्थायी झील जैसी स्थिति बन गई। पानी का दबाव बढ़ने के बाद यह प्राकृतिक अवरोध टूट गया और जमा हुआ पानी भारी मात्रा में नीचे की ओर तेजी से बह निकला। इसके चलते ल्हेंदे, भोटेकोशी और फिर त्रिशूली नदी में अचानक फ्लैश फ्लड की स्थिति पैदा हो गई। ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी GLOF की संभावना की भी जांच की जा रही है। खास बात यह है कि बाढ़ के समय रसुवा में भारी बारिश नहीं हुई थी। (Flood in Nepal)

भूकंप से भी जोड़ा जा रहा बाढ़ का कनेक्शन

बाढ़ से कुछ समय पहले सुबह करीब 8:37 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप भी आया था। भूकंप और बाढ़ की टाइमिंग लगभग आसपास होने के कारण वैज्ञानिक और अधिकारी इनके बीच संभावित संबंध की भी जांच कर रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भूकंप ही बाढ़ की वजह बना या नहीं। नेपाल के अधिकारियों ने इलाके में एक और बड़े खतरे की आशंका जताई है, जिस क्षेत्र में अचानक पानी जमा हुआ था, वहां अभी भी करीब 7 मीटर ऊंचा पानी का बांध बना हुआ बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अगर यह प्राकृतिक अवरोध टूटता है तो दोबारा भारी मात्रा में पानी नीचे की ओर आ सकता है। ऐसे में रसुवा और आसपास के निचले इलाकों में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।

भारत पर भी मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

बाढ़ को हवा से देखने वाले हेलीकॉप्टर पायलट अमन बुधाथोकी ने बताया कि उन्होंने बाढ़ में करीब 5 से 6 मीटर ऊंची पानी की लहरें देखीं। उनके मुताबिक लैंडिंग से लगभग पांच मिनट पहले नदी की दिशा से धूल का बड़ा गुबार दिखाई दिया। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद भूस्खलन हुआ है या सड़क निर्माण के लिए विस्फोट किया जा रहा है, लेकिन कुछ ही सेकंड में साफ हो गया कि वह धूल और मलबे के साथ तेजी से नीचे आती बाढ़ थी। पायलट के मुताबिक गहरे रंग का पानी बेहद तेज गति से नीचे की ओर बढ़ रहा था और दृश्य बेहद डरावना था। उन्होंने नुकसान का अंदाजा लगाने के लिए कुछ समय तक बाढ़ के बहाव का पीछा भी किया। नेपाल में आई इस बाढ़ का असर भारत में भी देखने को मिल सकता है। खासकर बिहार की गंडक नदी और उससे जुड़ी नदियों में पानी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। नेपाल से करीब 3 मीटर ऊंची बाढ़ की लहर आने का अलर्ट बताया गया है। (Flood in Nepal)

बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में खास सतर्कता बरती जा रही है। सीतामढ़ी और शिवहर पर भी नजर रखी जा रही है। नेपाल की त्रिशूली नदी का पानी आगे चलकर गंडक नदी तक पहुंच सकता है। इसके बाद बिहार के निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने की आशंका है। अगले कुछ घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि इन सभी इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनेगी ही। नेपाल-तिब्बत सीमा से शुरू हुई यह आपदा अब नेपाल के बड़े हिस्से को प्रभावित करने के साथ भारत के सीमावर्ती इलाकों के लिए भी चिंता का कारण बन गई है। एक तरफ बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने से राहत और बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर दोबारा बाढ़ की आशंका ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। नेपाल में कुदरत के इस कहर ने तबाही की ऐसी तस्वीर छोड़ी है, जिसका असर अब भारत तक पहुंचने की आशंका है। एक तरफ सैकड़ों जिंदगियां लापता हैं तो दूसरी तरफ दोबारा बाढ़ का खतरा पूरे इलाके पर मंडरा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!